नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को घोषणा की कि अप्रैल से 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) शुरू किया जाएगा। आयोग ने इन क्षेत्रों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को पत्र लिखकर तैयारी के सभी कार्य जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया है। इस प्रक्रिया के समाप्त होने पर पूरे देश के सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेश SIR के दायरे में आ जाएंगे।
चुनाव आयोग के अनुसार, पिछले साल जून में पूरे भारत में मतदाता सूची के SIR का आदेश जारी किया गया था। अब तक बिहार में यह कार्य पूरा हो चुका है, जबकि 9 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में यह प्रक्रिया चल रही है। असम में SIR की जगह ‘स्पेशल रिवीजन’ की प्रक्रिया 10 फरवरी को ही समाप्त कर दी गई।

किन किन राज्यों में SIR
इस चरण में शामिल होने वाले राज्य और केंद्र शासित प्रदेश हैं आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दादरा और नगर हवेली एवं दमन-दीव, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, कर्नाटक, लद्दाख, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, दिल्ली, ओडिशा, पंजाब, सिक्किम, त्रिपुरा, तेलंगाना और उत्तराखंड।
गौरतलब यह है कि इसी साल पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसमें पुद्दुचेरी, केरल, पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु शामिल हैं। जिन राज्यों में इस समय स्थानीय निकाय चुनाव हैं या होने वाले हैं वहां SIR नहीं किया जाएगा।











