शहीद दिवस पर कांग्रेस ने निकाली रैली और माकपा ने लिया संकल्‍प

March 23, 2026 9:13 PM
Shaheed Diwas

रायपुर। शहीद दिवस अवसर पर कांग्रेस सहित माकपा ने आज रायपुर में अमर क्रांतिकारियों भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि दी।

शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने एक नई परंपरा शुरू करते हुए सुबह 7 बजे प्रभात फेरी निकाली। यह फेरी अंबेडकर चौक से शुरू होकर शहीद भगत सिंह चौक पर समाप्त हुई। वहां शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा, डॉ. राकेश गुप्ता समेत कई नेताओं ने संबोधित किया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आज के समय में जब देश में अराजक ताकतें, धर्म-जाति-भाषा के नाम पर लोगों को लड़वाने की कोशिश कर रही हैं, तब भगत सिंह की शिक्षाएं बहुत प्रासंगिक हैं। सभी ने युवाओं से भगत सिंह की किताबें पढ़ने, उनकी सोच को घर-घर और कॉलेजों तक पहुँचाने का आह्वान किया। कुछ नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा उनके इतिहास को दबाने की कोशिश कर रही है।

कार्यक्रम में 2 मिनट का मौन रखकर इन शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही शहीद हेमू कालानी को भी नमन किया गया।

वहीं माकपा कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों ने नेताजी चौक पर इकट्ठा होकर भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने अमेरिकी साम्राज्यवाद द्वारा थोपे गए युद्धों के खिलाफ रोष जताया। धर्मराज महापात्र, डॉ. बिप्लव बंदोपाध्याय, पी.सी. रथ, शेखर नाग आदि ने विचार रखे।

सभी ने संकल्प लिया कि शहीदों के सपनों वाला भारत बनाने के लिए साम्राज्यवाद, साम्प्रदायिकता और जातिवाद के खिलाफ संघर्ष को और मजबूत किया जाएगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now