गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सांस्कृतिक आयोजन के बहाने अश्लील नृत्य और नोट उड़ाने के मामले में एसडीएम पर एक्शन लिया गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में मैनपुर के तत्कालीन एसडीएम तुलसीदास मरकाम डांसरों पर नोट उड़ाते नजर आए, जिसके कलेक्टर बी.एस. उईके ने एसडीएम को उनके पद से हटाकर जिला मुख्यालय में संबद्ध कर दिया है।
साथ ही उन्हें 24 घंटे के अंदर पूरे प्रकरण पर स्पष्टीकरण पेश करने का नोटिस भी जारी किया गया है। मामले की जांच के लिए अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में एक टीम गठित की गई है, जिसमें तहसीलदार अमलीपदर और देवभोग थाना प्रभारी शामिल हैं।
इस टीम को शीघ्र रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल मैनपुर एसडीएम का अतिरिक्त प्रभार देवभोग एसडीएम राम सिंह सोरी को सौंपा गया है।

पुलिस महकमे की ओर से भी कार्रवाई हुई है। एसपी वेदव्रत सिरमौर ने कार्यक्रम के दौरान लापरवाही बरतने के आरोप में दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर अश्लीलता और अव्यवस्था बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आयोजन के चार मुख्य आयोजकों के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच में यदि और लोग शामिल पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सामाजिक मर्यादा का उल्लंघन करने वालों के साथ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।
यह पूरा मामला अमलीपदर इलाके के उरमाल गांव में 5 से 10 दिसंबर तक चले कार्यक्रम से जुड़ा है, जिसकी अनुमति एसडीएम ने खुद दी थी, लेकिन 9 जनवरी को आयोजित एक कार्यक्रम में मर्यादा की सारी हदें पार हो गईं।







