Rainfall Alert: देश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। उत्तर से लेकर दक्षिण तक लगातार झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग (IMD) ने 7 जुलाई 2026 को 23 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। झारखंड और ओडिशा के ऊपर बने डिप्रेशन के कारण यह सिस्टम मध्य प्रदेश की ओर बढ़ रहा है, जिससे उत्तर, पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और तेज हवाओं का खतरा बना हुआ है।
महाराष्ट्र में इस समय स्थिति सबसे गंभीर है। नासिक और त्र्यंबकेश्वर क्षेत्र में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में 300 मिलीमीटर तक बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। बादल फटने की भी आशंका जताई जा रही है। नासिक में सभी स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर और सप्तश्रृंगी मंदिर श्रद्धालुओं के लिए बंद रखे गए हैं।
रत्नागिरी जिले के शेलारवाड़ी में लैंडस्लाइड हो गया, जिसमें एक मकान का हिस्सा ढह गया। एक महिला को मलबे से बचाया गया है, जबकि दो लोगों के फंसे होने की आशंका है और रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। ठाणे जिले में भारी बारिश को देखते हुए किले, झरने, बांध और नदियों के आसपास टूरिस्ट्स की एंट्री पर रोक लगा दी गई है। पालघर में भी कई इलाकों में पानी भर गया है।उत्तर भारत में भी बारिश का दौर जारी है।

उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट है, जिनमें 8 जिलों में भारी बारिश की संभावना है। वाराणसी, प्रयागराज, चंदौली और बरेली में सुबह से तेज बारिश हो रही है। पीलीभीत में तालाब का पानी बढ़ने से मगरमच्छ रिहायशी इलाके में पहुंच गया। उत्तराखंड के सभी जिलों में बारिश हो रही है, जबकि देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल और बागेश्वर में यलो अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भारी बारिश के बाद अचानक बाढ़ आ गई। मलबा और पत्थर रिहायशी इलाकों में घुस गए, कई गाड़ियां फंस गईं।
राजस्थान में सोमवार को जोधपुर, पाली, जालोर और बाड़मेर में करीब 3 इंच बारिश हुई। जोधपुर में हाईवे पर पानी भर गया, जबकि पहाड़ों पर झरने बहने लगे। दिल्ली-NCR, पंजाब और हरियाणा में यलो अलर्ट है। हरियाणा के सात जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
पूर्वी और मध्य भारत में भी मानसून ने जोर पकड़ लिया है। बिहार में 6 से 12 जुलाई तक पूरे राज्य में भारी बारिश का हाई अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश में पिछले छह दिनों से लगातार बारिश हो रही है और जुलाई महीने की औसत बारिश अब सामान्य के करीब पहुंच गई है। पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश समेत सभी राज्यों में झमाझम बारिश जारी है।
दक्षिण भारत में केरल और कर्नाटक के तटीय तथा अंदरूनी इलाकों में भी भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने कोंकण, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक, छत्तीसगढ़, सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दी है। कई जगहों पर 40 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आंधी-बिजली गिरने का खतरा है। यातायात पर भी इसका असर देखा जा रहा है।











