आज से रेल यात्रा महंगी, लंबी दूरी वालों पर असर, छोटे रूट और लोकल ट्रेनों में कोई बदलाव नहीं

December 26, 2025 12:29 PM
Indian Railway

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने यात्री किराए (Rail travel) में मामूली बढ़ोतरी की है, जो आज से लागू हो गई है। यह बदलाव मुख्य रूप से लंबी दूरी की यात्राओं पर पड़ेगा, जबकि रोजाना सफर करने वाले लाखों यात्रियों को राहत दी गई है। रेल मंत्रालय ने 21 दिसंबर को इसकी घोषणा की थी।

कितनी बढ़ोतरी हुई ?

साधारण श्रेणी (ऑर्डिनरी क्लास): 215 किलोमीटर से ज्यादा दूरी पर प्रति किलोमीटर 1 पैसा अतिरिक्त।
मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों की नॉन-एसी और सभी एसी क्लास: प्रति किलोमीटर 2 पैसे अतिरिक्त।

उदाहरण के लिए-
500 किलोमीटर की नॉन-एसी यात्रा पर करीब 10 रुपये ज्यादा लगेंगे।
भोपाल से दिल्ली (लगभग 800 किमी) जैसी यात्रा में एसी क्लास के लिए 16 रुपये तक का इजाफा हो सकता है।
1000 किलोमीटर की दूरी पर एसी या नॉन-एसी में 20 रुपये अतिरिक्त।

यह बढ़ोतरी राजधानी, शताब्दी, वंदे भारत, दुरंतो, हमसफर जैसी प्रीमियम ट्रेनों पर भी लागू होगी।

मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई जैसे बड़े शहरों में लोकल ट्रेन से रोजाना सफर करने वाले करोड़ों लोग प्रभावित नहीं होंगे। छोटे रूट पर यात्रा करने वालों की जेब भी सुरक्षित रहेगी। अगर आपने 26 दिसंबर से पहले टिकट बुक किया है, तो कोई अतिरिक्त चार्ज नहीं लगेगा, भले ही यात्रा बाद में हो। नई दरें सिर्फ 26 दिसंबर या उसके बाद बुक किए गए टिकटों पर लागू होंगी। ट्रेन में TTE से या स्टेशन पर नया टिकट बनवाने पर बढ़ा हुआ किराया देना होगा।

क्यों बढ़ाया किराया?

रेल मंत्रालय के अनुसार, परिचालन खर्च लगातार बढ़ रहा है। स्टाफ की संख्या बढ़ी है, पेंशन का बोझ ज्यादा हुआ और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे नई ट्रेनें, स्टेशन आधुनिकीकरण और सुरक्षा पर बड़ा निवेश हो रहा है। इस बढ़ोतरी से इस साल करीब 600 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय होगी, जो इन्हीं कामों में लगेगी।यह साल की दूसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले जुलाई 2025 में भी किराए में मामूली बदलाव किया गया था।रेलवे का कहना है कि वह सस्ती और सुरक्षित यात्रा मुहैया कराने के लिए प्रतिबद्ध है। यह बदलाव यात्रियों पर कम से कम बोझ डालते हुए सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए किया गया है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now