राहुल गांधी का पेपरलीक और युवाओं के मुद्दे पर बड़ा अभियान, शुरुआत राजस्थान से

Rahul Gandhi

नई दिल्ली। देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपरलीक और भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं को लेकर बढ़ते असंतोष के बीच कांग्रेस ने बड़ा राजनीतिक और सामाजिक अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। इस अभियान की शुरुआत 17 जून को राजस्थान के कोटा से होगी, जहां लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) छात्रों के साथ संवाद करेंगे और पेपरलीक समेत युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने देशव्यापी छात्र आंदोलन की घोषणा करते हुए कहा कि राहुल गांधी लगातार छात्रों और युवाओं की आवाज उठाते रहे हैं और अब इसी मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर ले जाने की तैयारी की गई है। कांग्रेस का दावा है कि यह अभियान लाखों युवाओं की उन समस्याओं को सामने लाएगा, जो पेपरलीक, भर्ती घोटालों, परीक्षा शुल्क में बढ़ोतरी और पारदर्शी भर्ती प्रणाली के अभाव से प्रभावित हुए हैं।

17 जून को राजस्थान के कोटा में आयोजित होने वाले स्टूडेंट सम्मेलन में राहुल गांधी छात्रों से सीधे संवाद करेंगे। इसके बाद कांग्रेस अन्य राज्यों में भी इसी तरह के सम्मेलन आयोजित करेगी। कार्यक्रम के अनुसार 10 जुलाई को प्रयागराज, 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में छात्र सम्मेलन होंगे।

कांग्रेस का कहना है कि इन सम्मेलनों में प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों, युवा संगठनों, शिक्षकों और पेपरलीक से प्रभावित युवाओं को एक मंच पर लाया जाएगा। यहां छात्र अपने अनुभव साझा करेंगे और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग उठाएंगे।

केसी वेणुगोपाल ने कहा कि बार-बार सामने आ रहे पेपरलीक मामलों और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं ने युवाओं के भविष्य पर गंभीर असर डाला है। ऐसे में सम्मेलनों के जरिए उन युवाओं को अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा, जो इन घटनाओं से सीधे प्रभावित हुए हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now