लेंस डेस्क। दिल्ली में चल रहे 18वें BRICS समिट के बीच एक अलग मुलाकात ने ध्यान खींचा है। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने रविवार सुबह विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) से मुलाकात की। इस मुलाकात में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहीं। तीनों ने साथ में ब्रेकफास्ट किया। यह बैठक BRICS समिट के आधिकारिक कार्यक्रमों से अलग हुई। कांग्रेस और मलेशियाई प्रधानमंत्री दोनों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी तस्वीरें शेयर कीं।
अनवर इब्राहिम ने लिखा, ‘आज सुबह ब्रेकफास्ट पर अपने अच्छे दोस्त राहुल गांधी से एक बार फिर मिलने का मौका मिला। हमने हाल के अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर अपने विचार साझा किए।’ अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि यह मुलाकात दिल्ली के किस स्थान पर हुई। इससे एक दिन पहले शनिवार शाम को अनवर इब्राहिम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आयोजित डिनर में भी शामिल हो चुके थे।

पहले भी हो चुकी हैं मुलाकातें
राहुल गांधी और अनवर इब्राहिम के बीच यह पहली मुलाकात नहीं है।
2019 में पहली मुलाकात : जनवरी 2019 में नई दिल्ली में दोनों पहली बार मिले थे। उस समय अनवर इब्राहिम मलेशिया के प्रधानमंत्री नहीं थे। वे पीकेआर पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व उपप्रधानमंत्री के रूप में रायसीना डायलॉग में शामिल होने भारत आए थे तब राहुल गांधी कांग्रेस के अध्यक्ष थे।
2024 में पीएम बनने के बाद : 21 अगस्त 2024 को अनवर इब्राहिम प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत आए थे। उस दौरे के दौरान भी उन्होंने राहुल गांधी से मुलाकात की थी। उस समय राहुल लोकसभा में विपक्ष के नेता थे। मुलाकात के बाद अनवर इब्राहिम ने गांधी परिवार को अपना ‘फैमिली फ्रेंड’ बताया था।
BRICS समिट और अनवर इब्राहिम का कार्यक्रम
अनवर इब्राहिम 12 और 13 सितंबर को दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय BRICS समिट में भाग लेने भारत आए हैं। शनिवार को उन्होंने ‘समावेशी वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को मजबूत करना’ विषय पर हुए सत्र में हिस्सा लिया। इसके अलावा उन्होंने नई दिल्ली में BRICS नेताओं के साथ पौधरोपण कार्यक्रम में भी भाग लिया। शाम को हुए डिनर में उन्होंने पियानो की धुन पर किशोर कुमार का लोकप्रिय गाना “ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत…” गाया, जिससे माहौल हल्का हो गया।
BRICS समिट में कौन-कौन पहुंचे?
इस बार के BRICS समिट में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग सहित कई देशों के नेता शामिल हुए हैं। 12 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम में सभी नेताओं का स्वागत किया था। भारत पहुंचे प्रमुख नेताओं में मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के अलावा सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान अल सऊद, वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग, बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्ट नदायिशिमिये, कजाखस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव और युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो शामिल हैं।









