राहुल गांधी ने पीएम मोदी को खुली बहस का दिया चैलेंज, अमित शाह ने संसद में चर्चा करने का दिया प्रस्ताव

नई दिल्ली। राहुल गांधी (Rahul Gandhi)ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विदेशी मदद से सत्ता में आने और अब भी उसी के सहारे प्रधानमंत्री बने रहने का आरोप लगाया है। उन्होंने खुली बहस की चुनौती भी दी। राहुल ने प्रधानमंत्री के उस बयान से जुड़ी तस्वीरें साझा कीं, जिसमें देश को बांटने वाली ताकतों और सोशल मीडिया पर अफवाहों का जिक्र है। इस बीच अमित शाह ने हैदराबाद में राहुल गांधी को संसद में बहस की चुनौती दे दी है।

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने पीएम मोदी पर विदेशी मदद के सहारे सत्ता में बने रहने का आरोप लगाकर राजनीतिक विवाद तेज कर दिया। राहुल ने कहा कि पीएम मोदी विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने और अब भी इसी मदद के सहारे इस पद पर बने हुए हैं। उन्होंने देश की आर्थिक व्यवस्था और विदेशी सोशल मीडिया को लेकर भी सवाल उठाए।

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा कि वह किसी भी मंच पर और किसी भी समय उनसे चर्चा करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री इसलिए बहस के लिए नहीं आएंगे, क्योंकि वह जानते हैं कि राहुल उनके बारे में क्या जानते हैं।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री मोदी को सीधे निशाने पर लिया। उन्होंने लिखा:“मोदी जी, इस देश से झूठ बोलना बंद कीजिए। आप विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने और विदेशी मदद से ही प्रधानमंत्री बने हुए हैं। आपकी आर्थिक व्यवस्था पूरी तरह विदेशियों के नियंत्रण और समर्थन में है। विदेशी सोशल मीडिया पूरी तरह आपके साथ खड़ा है।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हैदराबाद में बीजेपी के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च के बाद विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस पर एसआईआर के बहाने घुसपैठिए को बचाने का आरोप लगाया। कांग्रेस के मॉक पार्लियामेंट को लेकर भी उन्होंने निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी नकली संसद में ही प्रधानमंत्री बन सकते हैं

अमित शाह ने कहा, ‘नकली संसद में आप एक बार प्रधानमंत्री बन जाओ, क्योंकि असली संसद में वो नहीं बन पाएंगे, मॉक पार्लियामेंट में बन जाएंगे। सोनिया गांधी के हृदय को शांति हो जाएगी राहुल जी इस तरीके से चुनाव नहीं जीत सकते हैं। तीन महीना-चार महीना होता है, विदेश चले जाते होn जनता की समस्या को समझना और सुलझाना होगा. हाथ में संविधान रखते हैं और वो इसका निर्वहन नहीं करते हैं. संसद चलने नहीं देते हैं।’

गृह मंत्री ने राहुल गांधी को दिया चैलेंज

उन्होंने कहा, ‘मैं चैलेंज देता हूं, हम विशेष सत्र बुलाने के लिए तैयार हैं. आ जाइए. चर्चा कीजिए मगर वो चर्चा नहीं करेंगे. उनको मालूम है अराजकता से ही अपने आप को खबरों में रख सकते हैं. अगर संसद में रहे तो पीएम मोदी उनकी धज्जियां उड़ा देंगे ‘

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ‘आज हैदराबाद में हजारों लोग सड़कों पर खड़े हैं। कल दिल्ली में भी एक रैली हुई थी। राहुल गांधी ने एक रैली की उन्होंने कहा कि ये एक वोट बचाओ रैली है। ये वोट बचाओ रैली नहीं थी बल्कि ये घुसपैठियों को बचाओ रैली थी। कांग्रेस SIR को रोक कर देश की मतदाता सूची से बांग्लादेश घुसपैठियों को बचाना चाहती है ,लेकिन आज मैं कहना चाहता हूं कि आपको जितना जोर लगाना है लगा लीजिए बीजेपी एक-एक घुसपैठियों को मतदाता सूची और देश से बाहर निकालकर दम लेगी।’

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now