नेशनल ब्यूरो। नई दिल्ली
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन ने परिसीमन प्रक्रिया का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने इसे दक्षिणी राज्यों के खिलाफ अन्याय बताया।भारतीय संसद में प्रस्तावित परिसीमन संशोधन पर चर्चा के लिए विशेष सत्र बुलाए जाने के बीच, 16 अप्रैल को नामक्कल में स्टालिन ने काली शर्ट पहनी, काला झंडा फहराया और पार्टी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में परिसीमन बिल की एक प्रति जला दी। डीएमके के सांसद संसद में काली कमीज और काली साड़ी पहनकर आए।
स्टालिन ने एक्स पर लिखा “तमिलनाडु भर में प्रतिरोध की लपटें फैलें! फासीवादी भाजपा के घमंड को कुचल दिया जाए!”उन्होंने आगे कहा कि“तमिलनाडु भर में प्रतिरोध की लपटें फैलें! फासीवादी भाजपा के घमंड को नीचे लाया जाए! फिर हिंदी थोपने के खिलाफ तमिलनाडु से उठी प्रतिरोध की आग ने दिल्ली को झुलसा दिया था।
दिल्ली को झुकने के लिए मजबूर होने के बाद ही वह शांत हुई थी। आज मैंने इस काले कानून की प्रति जलाकर और इस काले कानून के खिलाफ काला झंडा फहराकर उस आग को फिर से प्रज्वलित किया है, जो तमिलों को अपनी ही भूमि पर शरणार्थी बनाने की कोशिश कर रहा है। अब यह आग द्रविड़ भूमि भर में फैलेगी। यह उठेगी, भड़केगी और भाजपा के घमंड को घुटनों पर ला देगी।”
परिसीमन प्रक्रिया में जनसंख्या परिवर्तनों के आधार पर संसदीय क्षेत्रों की नई सीमाएं तय की जाती हैं। विपक्षी दल और गैर-भाजपा शासित राज्य इसे लेकर आशंकित हैं। उनका मानना है कि इससे उत्तर भारत के भाजपा शासित राज्यों का प्रतिनिधित्व और प्रभाव बढ़ेगा, जबकि तमिलनाडु जैसे दक्षिणी राज्यों का प्रभाव कम हो जाएगा।
स्टालिन ने परिसीमन के प्रभाव को लेकर चिंतित विपक्षी राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक बुलाई है। उन्होंने कहा कि डीएमके सांसदों से परामर्श के बाद वे सभी राज्यों के सांसदों से संपर्क कर रहे हैं और इस गंभीर खतरे का मुकाबला करने के लिए एक समन्वित रणनीति बना रहे हैं।
स्टालिन ने जोर देकर कहा:“यह पार्टियों या व्यक्तियों के बारे में नहीं है। यह हमारे लोगों के अधिकारों की रक्षा करने के बारे में है। मैं पूरे भारत के सभी पार्टियों और सांसदों से अपील करता हूं कि वे लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट हों।”तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 23 अप्रैल को होने वाले हैं, जिसमें डीएमके और उसके सहयोगी एनडीए गठबंध के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। स्टालिन ने इन चुनावों को “टीम तमिलनाडु बनाम टीम दिल्ली ” के रूप में पेश किया है।
केरल, कर्नाटक और तेलंगाना जैसे दक्षिणी राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी परिसीमन को लेकर गहरी चिंता जताई है। चुनाव वाले राज्यों तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टियों ने चुनाव के बीच संसद सत्र बुलाने के समय पर भी सवाल उठाए हैं।









