नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर राज्यसभा में आवाज उठाई गई। राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम (Phulo Devi Netam) ने शून्यकाल के दौरान प्रदेश में नई रेल लाइन बिछाने और लंबी दूरी की ट्रेनों के विस्तार की मांग करते हुए केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित किया।
सांसद ने कहा कि पेंड्रा रोड-अमरकंटक-डिंडौरी-मंडला-घनसौर-लखनादौन-गोटेगांव (श्री धाम) के बीच प्रस्तावित नई रेल लाइन बेहद महत्वपूर्ण परियोजना है। इस रेल लाइन के बनने से छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के आदिवासी तथा पिछड़े क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि इस रेल मार्ग से अमरकंटक और नर्मदा क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही इटारसी के जरिए दिल्ली और मुंबई जैसे प्रमुख महानगरों से सीधा संपर्क भी मजबूत होगा।
सांसद फूलो देवी नेताम ने बिलासपुर को CTCE Plan-2030 में शामिल करने की मांग भी रखी। इसके अलावा उन्होंने रायपुर–सिकंदराबाद (12771/72) ट्रेन और नागपुर–मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस (12290) का विस्तार बिलासपुर तक करने की मांग की।
उन्होंने कोरबा क्षेत्र की रेल सुविधाओं को लेकर भी कई अहम मांगें रखीं। इनमें कोरबा रेलवे स्टेशन पर तैयार पिटलाइन को जल्द शुरू करने, कोरबा-बीकानेर एक्सप्रेस का संचालन प्रारंभ करने और कोरबा से नई दिल्ली के बीच सीधी ट्रेन चलाने की मांग शामिल है।
सांसद ने कहा कि ये सभी रेल परियोजनाएं लंबे समय से लंबित हैं। इन्हें जल्द पूरा करने से क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी, उद्योग और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा आम लोगों को बेहतर और सुविधाजनक रेल सेवाएं मिल सकेंगी।
यह भी पढ़ें: लोकसभा में गूंजा ‘एकल शिक्षक’ स्कूलों का मुद्दा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल की केंद्र से बड़ी मांग









