पटना में दर्दनाक सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत, सड़क पर फैला खून

August 23, 2025 12:18 PM
PATNA ACCIDENT

पटना। बिहार के पटना जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने 10 लोगों की जान ले ली। यह हादसा दनियावां-हिलसा स्टेट हाईवे-4 पर सिगरियावा स्टेशन के पास सुबह करीब 6 बजे हुआ। एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को सामने से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 3 ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों में 9 महिलाएं और ऑटो चालक शामिल हैं जिनमें एक मां-बेटी की जोड़ी भी थी। हादसे में 3 लोग घायल हुए हैं, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है। PATNA ACCIDENT

हादसा नालंदा जिले के हिलसा क्षेत्र में एक सीमेंट फैक्ट्री के पास हुआ।ऑटो में सवार लोग तीज पर्व के लिए गंगा स्नान करने फतुहा के त्रिवेणी जा रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर खून फैल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रक सीमेंट फैक्ट्री का था और हादसे के बाद वह फैक्ट्री परिसर में छिपा लिया गया। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर फैक्ट्री संचालक को बुलाने की मांग की।

सभी मृतक और घायल नालंदा के हिलसा के मलावा गांव के रहने वाले थे। घायलों को पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) में भर्ती कराया गया है। हिलसा SDM अमित कुमार पटेल ने मृतकों के परिजनों को तत्काल 20 हजार रुपये की सहायता राशि दी है। हिलसा विधायक कृष्ण मुरारी ने कहा कि इस सड़क पर अक्सर हादसे होते हैं और फैक्ट्री को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हादसे पर गहरा दुख जताया और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की। पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी ने मृतकों के परिवारों के लिए 10 लाख रुपये मुआवजे और घायलों के इलाज की मांग की। पटना डीएम ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन स्थानीय लोगों में गुस्सा बरकरार है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now