सड़क किनारे कुएं में जा गिरी कार, एक ही परिवार के 9 सदस्यों की मौत, 6 बच्चे भी

April 4, 2026 3:54 PM
Nashik Well Accident

नासिक। महाराष्ट्र के नासिक जिले के डिंडोरी तालुका में शुक्रवार देर रात एक भीषण दुर्घटना में छह बच्‍चों सहित नौ लोगों की मौत हो गई। मरने वाले सभी एक ही परिवार के थे। हादसा सड़क किनारे एक कुएं में कार के गिरने के हुआ।

पीड़ित डिंडोरी के इंदोरे (इंदौर) गांव के दरगुड़े परिवार के रहने वाले थे। वे डिंडोरी में एक कोचिंग क्लास के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार, रात करीब 10 बजे अंधेरे में ड्राइवर को कुआं नजर नहीं आया, जिससे कार सड़क से उतरकर सीधे कुएं में जा गिरी। सभी यात्री पानी में फंस गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।

डिंडोरी पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर भगवान माथुरे ने बताया कि बचाव कार्य में दो हाइड्रोलिक क्रेनों और स्थानीय तैराकों की मदद ली गई। अंधेरे और कुएं की गहराई के कारण बचाव अभियान दो घंटे से अधिक समय तक चला। रात 12:15 बजे के आसपास वाहन और सभी शवों को निकालकर डिंडोरी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान सुनील दत्तू दरगुडे (32), रेशमा सुनील दरगुडे (27), आशा अनिल दरगुडे (32), खुशी अनिल दरगुडे (14), माधुरी अनिल दरगुडे (13), श्रेयस अनिल दरगुडे (11), राखी (गुणवंती) सुनील दरगुडे (11), श्रावणी अनिल दरगुडे (11), समृद्धि राजेंद्र दरगुडे (7) के रूप में हुई है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस दुर्घटना को “अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण” बताया और प्रत्येक मृतक परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक रिपोर्ट्स में खुले कुएं की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने भी अंधेरे इलाकों में ऐसी खतरनाक जगहों पर उचित चेतावनी संकेत या बैरियर न होने पर नाराजगी जताई है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now