Mustafizur Rahman IPL 2026 KKR: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया है। यह फैसला बांग्लादेश में हाल के दिनों में अल्पसंख्यक समुदायों, विशेष रूप से हिंदुओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा और तनावपूर्ण स्थिति को ध्यान में रखकर लिया गया है। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने मीडिया से कहा ‘हालिया घटनाक्रमों को देखते हुए बोर्ड ने KKR को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का आदेश दिया है। यदि फ्रेंचाइजी किसी प्रतिस्थापन खिलाड़ी की मांग करती है, तो बोर्ड उसकी अनुमति देगा।’
विवाद की शुरुआत
दिसंबर 2025 में हुए IPL मिनी ऑक्शन में KKR ने मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये की बड़ी रकम में खरीदा था। यह किसी बांग्लादेशी खिलाड़ी के लिए IPL इतिहास की सबसे ऊंची बोली थी। हालांकि, ऑक्शन के बाद बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हमलों की खबरें सामने आने से विवाद शुरू हो गया। बांग्लादेश में दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच कई घटनाएं हुईं, जिनमें हिंदुओं की हत्या और अन्य अत्याचार शामिल हैं। इन घटनाओं ने भारत में व्यापक आक्रोश पैदा किया और मुस्तफिजुर की IPL भागीदारी पर सवाल उठने लगे।
विरोध में उठी प्रमुख आवाजें
कई राजनीतिक नेताओं और धार्मिक व्यक्तित्वों ने KKR मालिक शाहरुख खान और फ्रेंचाइजी से मुस्तफिजुर को टीम से हटाने की मांग की थी, शिवसेना नेता संजय निरुपम ने शाहरुख खान से अपील की कि देश की भावनाओं को देखते हुए बांग्लादेशी खिलाड़ी को टीम में रखना ठीक नहीं। कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर, धीरेंद्र शास्त्री और जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने भी मुस्तफिजुर को हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों के बीच उनके खिलाड़ी को भारतीय मैदान पर खेलने का मौका नहीं मिलना चाहिए। भाजपा नेता संगीत सोम ने शाहरुख खान पर हमला करते हुए उन्हें राष्ट्रीय हितों के खिलाफ फैसला लेने वाला बताया। इन मांगों और बढ़ते दबाव के बाद BCCI ने यह कदम उठाया।
मुस्तफिजुर रहमान का IPL करियर
30 वर्षीय मुस्तफिजुर रहमान बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं, जो अपनी कटर और स्लोअर बॉल के लिए मशहूर हैं। उन्होंने 2016 में IPL में डेब्यू किया और अब तक 60 मैचों में 65 विकेट लिए हैं। वे सनराइजर्स हैदराबाद, मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स, दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स जैसी टीमों के लिए खेल चुके हैं। IPL 2026 में KKR के लिए उनकी डेथ ओवर्स की गेंदबाजी उपयोगी हो सकती थी लेकिन अब टीम को नए विकल्प तलाशने होंगे। बोर्ड ने KKR को प्रतिस्थापन खिलाड़ी चुनने की छूट दी है।










