रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नरी सिस्टम लागू होने के ठीक एक हफ्ते के भीतर ही चाकूबाजी की एक वारदात से राजधानी में हड़कंप मच गया। शहर के बेहद पॉश इलाके समता कॉलोनी के हाथी चौक पटरी के पास गुरुवार रात बदमाशों ने एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी।
मृतक की पहचान गुढ़ियारी निवासी दुर्गेश साहूके रूप में हुई है। यह वारदात आजाद चौक थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 10 बजे दुर्गेश साहू हाथी चौक पटरी के पास मौजूद था। इसी दौरान नशे की हालत में कुछ बदमाशों से उसका विवाद हो गया। कहासुनी शुरू हुई और फिर यह कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। बदमाशों ने चाकू निकालकर दुर्गेश पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
गंभीर हालत में दुर्गेश को अंबेडकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
रायपुर के शहरी इलाकों में हफ्तेभर पहले पुलिस कमिश्नरी सिस्टम लागू हुआ है। शहर में कमिश्नरी सिस्टम लागू होने के बाद पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के जब दावे किए जा रहे हैं, तब राजधानी की सड़कों पर खुलेआम चाकू चलना सवाल पैदा कर रहा है।
शहर के कई इलाकों में सूखा नशा, चाकूबाजी और गुंडागर्दी आम होती जा रही है। रायपुर में भले ही सड़कों पर पुलिस नजर आने लगी है, लेकिन चाकूबाजी और सूखा नशा पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है।
यह भी पढ़ें : बीजापुर में फिर मुठभेड़, दो माओवादी ढेर, हथियारों का जखीरा बरामद







