रायपुर। छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक और बड़ा संस्थान जुड़ने जा रहा है। देश के प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में शामिल नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (NMIMS) अब नवा रायपुर अटल नगर में अपना कैंपस स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में बुधवार को संस्थान के लिए लीज अनुबंध और भूमि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर ली गई।
नवा रायपुर के सेक्टर-18 में करीब 40 एकड़ जमीन पर NMIMS का आधुनिक कैंपस विकसित किया जाएगा। संस्थान का संचालन करने वाले श्री विले पार्ले केलवणी मंडल (SVKM) को यह भूमि 90 साल की लीज पर दी गई है। राज्य मंत्रिपरिषद ने 21 जनवरी 2026 को संस्थान के लिए भूमि आवंटन के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।
जानकारी के अनुसार, NMIMS की स्थापना की पूरी प्रक्रिया को अगले सात वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, दो से तीन वर्षों के भीतर पहला शैक्षणिक बैच शुरू करने की तैयारी है। कैंपस के पूरी तरह विकसित होने के बाद यहां करीब 10 हजार विद्यार्थी अध्ययन कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक उच्च शिक्षा के लिए बड़े महानगरों की ओर न जाना पड़े, इसके लिए सरकार काम कर रही है। NMIMS की स्थापना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना सरकार की प्राथमिकता है।
NMIMS कैंपस शुरू होने से विद्यार्थियों को प्रबंधन, कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों में राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा अपने ही राज्य में मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा देश के दूसरे हिस्सों से भी विद्यार्थियों के नवा रायपुर आने से यहां शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है।
जानकारी के मुताबिक, संस्थान की स्थापना से कौशल विकास, रोजगार, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में भी नए अवसर पैदा होंगे। नवा रायपुर को एजुकेशन और नॉलेज हब के रूप में विकसित करने की दिशा में भी इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, आवास एवं पर्यावरण सचिव अंकित आनंद और नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के सीईओ चंदन कुमार मौजूद रहे।







