भारी बारिश बनी आपदा, सड़क-रेल सेवा प्रभावित, लैंडस्लाइड से नेशनल हाइवे बंद, जलभराव ने बढ़ाई दिक्कतें

 Monsoon Rain Update: देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लैंडस्लाइड, बाढ़, मकानों का ढहना, ट्रेन रद्द होना और जान-माल की क्षति जैसी घटनाएं लगातार रिपोर्ट हो रही हैं। महाराष्ट्र सबसे ज्यादा प्रभावित दिख रहा है, जबकि दिल्ली-NCR, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और बिहार में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

LPG सिलेंडर बहने और इमारत ढहने की घटनाएं

महाराष्ट्र में भारी बारिश का सबसे बड़ा असर रायगढ़ जिले में देखने को मिला। पनवेल के LPG बॉटलिंग प्लांट में बाढ़ का पानी घुस जाने के कारण पातालगंगा नदी में करीब तीन हजार LPG सिलेंडर बह गए। जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि अगर कहीं सिलेंडर दिखे तो उसे न छुएं और न ही घर ले जाएं, क्योंकि गैस लीकेज या विस्फोट का खतरा हो सकता है।

ठाणे जिले में पिछले एक हफ्ते में बारिश से जुड़े हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि ग्यारह लोग घायल हुए हैं। 229 परिवारों के कुल 797 लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाकों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। मुरबाड में बिजली गिरने से दो लोग घायल हो गए। भिवंडी में 5 और 6 जुलाई को दो किशोर नदी और नाले में डूब गए, जिनकी तलाश जारी है। जिले में 136 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।

पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ इलाके में कचरे के विशाल ढेर के गिरने से तीन मंजिला इमारत ढह गई। इस हादसे में अब तक नौ लोगों को मलबे से निकाला जा चुका है। NDRF, सेना, फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें अभी भी बाकी लोगों की तलाश में लगी हुई हैं।

लोनावला-करजत में रेल सेवा प्रभावित

लोनावला-करजत घाट सेक्शन में लैंडस्लाइड होने से रेलवे ट्रैक बाधित हो गया है। सेंट्रल रेलवे ने 9 और 10 जुलाई को कई महत्वपूर्ण ट्रेनें रद्द कर दी हैं। ट्रैक साफ करने का काम तेजी से चल रहा है और 1100 से अधिक कर्मचारी इस कार्य में लगे हुए हैं।

लैंडस्लाइड से हाईवे और मकान प्रभावित

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में नालूपानी और यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर लैंडस्लाइड हो गया है। टिहरी में NH-707A पर दुकानों के पास लैंडस्लाइड के कारण एक पुराना मकान गिर गया है। आसपास के दो-तीन मकान भी गिरने के खतरे में हैं। राज्य में लगातार बारिश के कारण 71 सड़कें बंद हैं। देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और अल्मोड़ा में सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए हैं।

जलभराव और ट्रैफिक जाम

दिल्ली में रातभर से लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में सड़कें पानी से भर गई हैं। मुनिरका, रेलवे स्टेशन, इंदिरापुरम (गाजियाबाद) और अक्षरधाम मंदिर के पास NH-24 पर लंबा जाम लगा हुआ है। वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है और लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है।

राजस्थान के अजमेर जिले के किशनगढ़ में बुधवार रात हुई भारी बारिश से एक मकान ढह गया। इस हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोग मलबे में दब गए। स्थानीय टीम ने तीनों को रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती कराया है। मध्य प्रदेश में बुधवार को 27 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई। दमोह में सबसे ज्यादा 1.75 इंच बारिश दर्ज की गई। खरगोन जिले में रूपारेल नदी के तेज बहाव में एक युवक बह गया।

उत्तर प्रदेश के 43 जिलों में अलर्ट

उत्तर प्रदेश के 43 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को चित्रकूट में 144.4 मिमी, बदायूं में 94 मिमी, सिद्धार्थनगर में 72.8 मिमी और मेरठ में 71.9 मिमी बारिश हुई। आगरा समेत कई शहरों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

बिहार के 30 जिलों में आज तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को खगड़िया, भागलपुर और दरभंगा समेत 9 जिलों में तेज बारिश हुई। गोपालगंज में बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई, जबकि चार लोग झुलस गए।

हरियाणा में लगातार दूसरे दिन बारिश हो रही है। 14 जिलों में अलर्ट जारी है, जिसमें गुरुग्राम, फरीदाबाद आदि में ऑरेंज वार्निंग है। पंजाब में अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। केरल के वायनाड में 7 जून को हुए लैंडस्लाइड के मलबे से रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक और शव बरामद किया गया है।

आगामी मौसम पूर्वानुमान

10 जुलाई को केरल, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 11 जुलाई को आंध्र प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, असम और मेघालय में भारी बारिश की चेतावनी है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now