देशभर में मानसून ने मचाई तबाही, कई ट्रेनें रद्द,हज़ारों यात्री फंसे,लैंडस्लाइड और बाढ़ से बढ़ी मुश्किलें

Monsoon Rain Update : मानसून ने इस बार पूरे देश को सिर्फ 36 दिन में कवर कर लिया, लेकिन इस तेजी ने कई राज्यों में भारी तबाही मचा दी है। बाढ़, भूस्खलन, मकान ढहने और बिजली गिरने जैसी घटनाओं में कई लोगों की जान चली गई है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, दिल्ली-NCR, गुजरात और महाराष्ट्र समेत देश के कई हिस्सों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

उत्तर प्रदेश – बारिश ने ली 10 जिंदगियां

उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को 30 शहरों में बारिश हुई। बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में 10 लोगों की मौत हो गई। बुलंदशहर में पुरानी मस्जिद की दीवार गिरने से एक ही परिवार के दो सदस्यों की जान चली गई। हरदोई में दो बहनें नदी में बह गईं। मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान -मकान ढहे, ट्रेन सेवाएं प्रभावित

धौलपुर में भारी बारिश से मकान ढह गया, जिसमें 6 लोग मलबे में दब गए। अजमेर के किशनगढ़ में कच्चा मकान गिरने से माता-पिता और उनका बच्चा मलबे में दब गए। राज्य में 6 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं और कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

उत्तराखंड – हाईवे बंद, हजारों यात्री फंसे

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और लैंडस्लाइड ने पहाड़ी इलाकों को प्रभावित किया है। उत्तरकाशी में यमुनोत्री और गंगोत्री हाईवे बंद हो गए। यमुनोत्री मार्ग पर करीब 1000 यात्री फंस गए हैं। टिहरी में लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ने के कारण 3 परिवारों को सुरक्षित जगह शिफ्ट किया गया। 10 जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है।

दिल्ली-NCR – सड़कें बनी नदियां, हवा हुई साफ

दिल्ली में गुरुवार को 160 मिमी से ज्यादा बारिश हुई। रोहिणी में इमारत गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई। विकास मार्ग, द्वारका, सदर बाजार और गाजियाबाद के कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया। गुरुग्राम में लग्जरी अपार्टमेंट की बालकनी गिर गई। बारिश के कारण दिल्ली की हवा सितंबर 2023 के बाद सबसे साफ हो गई।

गुजरात और महाराष्ट्र – बाढ़ और मलबे की मार

गुजरात के सूरत में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 17 पहुंच गई है। महाराष्ट्र के पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ में कचरे का बड़ा ढेर गिरने से इमारत ढह गई। यहां 9 लोगों को बचाया गया है, जबकि 8 लोग अभी भी मलबे में फंसे होने की आशंका है।

अन्य राज्यों में हालात

केरल के वायनाड में लैंडस्लाइड से हुई मौतों का आंकड़ा बढ़ा, 7 लोगों की मौत।
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में सभी स्कूल-कॉलेज बंद।
अरुणाचल प्रदेश के 6 जिलों में बाढ़ और भूस्खलन से भारी नुकसान।
छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिनों तक अच्छी बारिश की संभावना।

फिलीपींस के पास बने सुपर टायफून ‘बावी’ के कारण अगले कुछ दिनों में बारिश की रफ्तार कम हो सकती है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी रखा है। अनावश्यक यात्रा से बचें, नदियों-नालों से दूर रहें और सुरक्षित रहें।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now