कांग्रेस विधायक लखेश्वर बघेल की पत्नी पर हमला, गर्दन और हाथ पर घाव, कागज पर लिखाकर बताया भतीजा…

December 30, 2025 4:16 PM
MLA Lakheshwar Baghel wife attacked


जगदलपुर। छत्‍तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में आज एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। कांग्रेस के बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल की पत्नी पर धारदार औजार से गंभीर हमला हुआ है। यह वारदात उनके निवास स्थान पर घटी बताई जा रही है।

मंगलवार सुबह विधायक की पत्नी घर पर अकेली थीं, तभी उन पर चाकू जैसे हथियार से हमला कर दिया गया। घायल अवस्था में उन्हें फौरन स्थानीय महारानी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति देखते हुए उन्हें आईसीयू में भर्ती कर लिया। सूत्रों के अनुसार, उनकी हालत अभी भी चिंताजनक है और वे बोल पाने में असमर्थ हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उनकी लगातार देखरेख कर रही है।

हमले से उनके दोनों हाथों की नसें कट गई हैं और गर्दन पर भी गहरे घाव हैं। अस्पताल में जब नर्सिंग कर्मचारियों ने उनसे घटना की जानकारी लेने की कोशिश की, तो बोलने में कठिनाई के कारण उन्होंने कागज पर सिर्फ “भतीजा” लिखा। इस एक शब्द ने पूरे मामले को और ज्यादा पेचीदा बना दिया है।

अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि यह कोई सुनियोजित षड्यंत्र था या आत्महत्या का प्रयास। पुलिस घरेलू कलह, पुरानी दुश्मनी समेत हर संभावित दिशा में छानबीन कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। सुरक्षा के लिहाज से अस्पताल के आसपास अतिरिक्त सुरक्षाबल लगा दिया गया है। परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं पर गहन जांच जारी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories