जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित नर्मदा नदी पर बने बरगी डैम में गुरुवार को क्रूज डूब गया। क्रूज के डूबने से 6 लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि 15 सैलानी तैरकर बाहर निकले, वहीं 8 की तलाश जारी है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए पहुंची। अब तक 6 शव मिलने की पुष्टि हुई है। इनमें दो महिलाएं हैं। वहीं 8 अब भी लापता है। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार अचानक आए तूफान के कारण क्रूज संतुलन खो बैठा और डूब गया। बरगी शहर पुलिस अधीक्षक को मीडिया को दी गई जानकारी के अनुसार क्रूज में 40 से 45 लोग सवार थे।
मौसम बदलने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार जब क्रूज नर्मदा के गहरे बैकवाटर में था, तभी अचानक मौसम बदला और तेज हवाएं चलने लगीं। पानी की ऊंची लहरों और तेज हवा के दबाव के कारण क्रूज अपना संतुलन खो बैठा और देखते ही देखते पानी में समा गया। बता दें कि मध्य प्रदेश पर्यटन निगम यानी MPT के द्वारा ये क्रूज संचालित किया जाता है।
बरगी शहर के पुलिस अधीक्षक अंजुल मिश्रा ने मीडिया को दी गई जानकारी में बताया कि मौके से 6 शव बरामद किए गए हैं। 18 को सुरक्षित बचा लिया गया। 15 से ज्यादा अब भी लापता हैं। अधिकारी ने बताया कि अचानक आंधी के कारण क्रूज पलटने के समय करीब 35-40 लोग क्रूज पर सवार थे।
राहत बचाव कार्य जारी
NDRF और SDRF की टीमें बचाव कार्य में लगातार जुटी हुई हैं। लेकिन, अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू करने में समस्या का सामना करना पड़ रहा है। नाव और गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाश की जा रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग डैम के किनारे पहुंच गए हैं। लोगों को संभालने के लिए पुलिस की टीम तैनात की गई है। क्रूज के कैप्टन महेश पटेल लापता हैं उनकी तलाश की जा रही है। मौके पर जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक मौजूद हैं।
मुख्यमंत्री ने मंत्री और अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने x पर पोस्ट कर लिखा कि आज जबलपुर में तेज आंधी-तूफान के कारण बरगी डैम में हुए दुखद क्रूज हादसे को लेकर स्थानीय प्रशासन एवं रेस्क्यू फोर्स का ऑपरेशन लगातार जारी है।
लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह जी, पर्यटन मंत्री श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी जी, संभाग प्रभारी एसीएस, एडीजी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। त्वरित बचाव कार्य से 15 नागरिकों को सकुशल बचा लिया गया है। जो लापता हैं, उन्हें जल्द से जल्द ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है। संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूर्ण संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है।









