लेंस डेस्क। मध्य-पूर्व में जारी तनाव के बीच ईरान ने शुक्रवार को दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने अमेरिका के दो लड़ाकू विमानों (US Fighter Jets) को मार गिराया है। इनमें एक F-35 फाइटर जेट और दूसरा A-10 अटैक एयरक्राफ्ट है। हालांकि कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि गिरने वाला पहला फाइटर जेट F-35 नहीं बल्कि F-15E है।
रिपोर्ट्स के अनुसार दूसरा A-10 एयरक्राफ्ट किसी तरह कुवैत के हवाई क्षेत्र तक पहुंच गया, जहां पायलट ने इजेक्ट कर लिया। पायलट सुरक्षित बताया जा रहा है, लेकिन विमान कुवैत में क्रैश हो गया।
इस बीच दो सिकोरस्की UH 60 ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर, जो रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे थे, उन पर भी ईरान की ओर से हमला किए जाने की खबर है। हालांकि हेलिकॉप्टर में सवार अमेरिकी सैनिक सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, गिराए गए F-15E फाइटर जेट के एक पायलट को ईरान से सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि दूसरे पायलट की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
दो फाइटर जेल के गिराए जाने पर पर प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान में अमेरिकी फाइटर जेट गिराए जाने की घटना से दोनों देशों के बीच संभावित बातचीत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने अमेरिकी मीडिया को दिए फोन इंटरव्यू में कहा, ‘हम युद्ध में हैं।’
ईरान ने अमेरिकी फाइटर जेट के पायलट को पकड़ने वाले को 10 बिलियन ईरानी तोमान (करीब 55 लाख रुपए) का इनाम देने का ऐलान किया है। ईरान के सरकारी मीडिया IRIB के एक एंकर ने नागरिकों से अपील की है कि अगर पायलट दिखाई दे तो उसे जिंदा पकड़कर सरकारी अधिकारियों या सेना को सौंपें।
इसी बीच ईरान ने उत्तरी इजराइल के शहर किरयात अता पर मिसाइल हमला करने का दावा किया है, जिससे कई वाहन जल गए और आसपास की इमारतों को नुकसान पहुंचा। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक ईरानी मिसाइल तकनीकी खराबी के कारण राजधानी तेहरान में ही गिर गई।
इसके अलावा पेटाह तिक्वा पर भी ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल हमले की खबर सामने आई है।
अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ईरान के साथ जारी संघर्ष में अब तक अमेरिकी वायुसेना के सात विमान नष्ट हो चुके हैं। इनमें मार्च में कुवैत के ऊपर फ्रेंडली फायर में तीन F-15 विमान गिरने की घटना, इराक में KC-135 टैंकर विमान का क्रैश और सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयर बेस पर ईरानी हमले में E-3 सेंट्री विमान के नष्ट होने की घटनाएं शामिल हैं।









