दिल्ली। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया गठबंधन रविवार को रामलीला मैदान में बड़ी रैली कर रहा है। राहुल गांधी, अखिलेश यादव समेत 19 पार्टियों के नेता मिंटो जंक्शन से मार्च करते हुए रामलीला मैदान पहुंच गए हैं। उनके साथ अखिलेश यादव, प्रियंका गांधी समेत अन्य नेता हैं। कांग्रेस सहित विपक्षी दलों के नेता और कार्यकर्ता इसमें शामिल हैं।
सुबह से ही रामलीला मैदान में लोग जमा होना शुरू हो गए हैं। इसके पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर अपील की है, ‘दिल्ली, तैयार हो जाओ। वोट बचाओ, देश बचाओ। कनॉट प्लेस आइए, साथ चलते हैं। या सीधे रामलीला मैदान में मिलते हैं। मगर, आना जरूर है।’
रामलीला मार्च के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बीजेपी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने प्रदर्शनकारियों से दिल्ली के दुकानदारों से खरीदारी करने की अपील की थी ताकि स्थानीय व्यापारियों का फायदा हो सके। हालांकि, कनॉट प्लेस पहुंचते ही उन्हें जानकारी मिली कि भारतीय जनता पार्टी ने जबरन सभी दुकानें बंद करवा दी हैं। राहुल गांधी ने कहा कि पूरा देश देख रहा है कि किस तरह बीजेपी अपने राजनीतिक फायदे के लिए आम दुकानदारों और व्यापारियों का नुकसान कर रही है।
वहीं, कारोबारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने चिंता जताई है कि रैली से कारोबार और यातायात प्रभावित हो सकता है। संगठन के चेयरमैन बृजेश गोयल ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर कहा कि इससे करीब 2.5 लाख दुकानें बंद रह सकती हैं और 10 से 12 हजार करोड़ रुपये के कारोबार पर असर पड़ने की आशंका है।
रैली में SIR का विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठेगी। विपक्ष ने 10 लाख लोगों के जुटने का दावा किया है, जबकि दिल्ली पुलिस का अनुमान 50 हजार लोगों का है।
रैली में SIR प्रक्रिया का विरोध किया जा रहा है और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जा रही है । पिछले 25 दिनों में विपक्षी दल इस मुद्दे पर सातवीं बार एकजुट हो रहे हैं। इससे पहले 6 से 13 अक्टूबर के बीच छह प्रदर्शन हो चुके हैं।
रामलीला मैदान में 1 किमी लंबी 'हटाए गए मतदाताओं की सूची' पहुँच गई है!
NSUI के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में कटी हुई उंगलियों से भारत का नक्शा बनाया जिन कटी उंगलियों पर वोट की स्याही के निशान भी बने हुए हैं
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
रैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। सुरक्षा के लिए 4 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी और केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवान तैनात किए जाएंगे।
-रामलीला मैदान को 14 सुरक्षा जोन में बांटा गया है।
-हर जोन की जिम्मेदारी एक ACP अधिकारी को दी गई है।
-निगरानी के लिए 200 से ज्यादा CCTV कैमरे लगाए गए हैं।
-ड्रोन और पुलिसकर्मियों के बॉडी कैमरों से भी नजर रखी जा रही है।
-मैदान में एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है।








