दिल्ली में गिरा हॉस्टल, कई बच्चे दबे

नई दिल्ली। दिल्ली में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया है। लगातार बारिश के बीच सत्य निकेतन में एक तीन मंजिला बिल्डिंग ढह गई है। दिल्ली के सत्य निकेतन में हॉस्टल की इमारत गिरने की पहली तस्वीर सामने आई है। रविवार को हुए इस हादसे में कई बच्चों के दबे होने की आशंका है। फिलहाल मौके पर राहत-बचाव कार्य जारी है।

बताया जा रहा है कि दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में स्थित हॉस्टल की इमारत लगातार बारिश के बीच ढह गई, जिसमें कई लोग फंस गए। घटना के बाद मौके पर पुलिस और प्रशासन के लोग पहुंचे और मलबे में फंसे लोगों की संख्या तथा हादसे से हुए नुकसान का पता लगाने के लिए राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

लगातार बारिश के बीच करीब डेढ़ बजे हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, रविवार को करीब डेढ़ बजे के आसपास बिल्डिंग गिर गई। यह हादसा ऐसे समय में हुआ है जब बीते दो दिनों से दिल्ली में लगातार बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश और फिर बिल्डिंग गिरने के बाद आसपास की इमारतों को भी खाली करवा लिया गया है।

साउथ कैंपस का इलाका है सत्य निकेतन

जहां पर बिल्डिंग गिरने का हादसा हुआ है, वह दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के पास का इलाका है। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग में हॉस्टल चल रहा था। ऐसे में मलबे में कई बच्चों के दबे होने की आशंका है। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि कितने बच्चे दबे हैं। फिलहाल मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

एनडीआरएफ की टीम मौके पर

एक चश्मदीद ने कहा कि जो इमारत गिरी है, उसका नाम ‘हॉस्टल डेज़’ है। ठीक उसके बगल में एक और इमारत भी गिर गई। ‘हॉस्टल डेज़’ खास तौर पर लड़कों का पीजी है। यह पांच मंजिला इमारत थी। बगल वाली इमारत भी गिर गई। जो छात्र अपने कमरों के अंदर थे, वे सभी मलबे के नीचे दब गए। फंसे हुए छात्रों की सही संख्या का पता रजिस्ट्रेशन रिकॉर्ड की जांच करने पर ही चलेगा।दिल्ली पुलिस ने बताया कि दोपहर 1:34 बजे साउथ कैंपस पुलिस स्टेशन को नानकपुरा गुरुद्वारे के पास एक इमारत गिरने की सूचना मिली। तुरंत मौके पर राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। एनडीआरएफ की टीम भी पहुंच गई है। अभी फंसे या घायल लोगों की सही संख्या पता नहीं है। अब तक 2 लोगों को बचाया गया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now