नेशनल ब्यूरो। नई दिल्ली
नोएडा में जीएसटी के जबरन रिटायर किए गए असिस्टेंट कमिश्नर केशव लाल की भ्रष्टाचार की कमाई से करोड़ों की बेनामी संपत्तियों का खुलासा हुआ है।
केशव लाल श्रीवास्तव ने पत्नी इंदु श्रीवास्तव के नाम पर नोएडा के बेहद महंगे इलाकों में एक आलीशान मकान, पांच फ्लैट्स और प्लॉट्स सहित हाईटेक सिटी में ऑफिस की दो प्रॉपर्टी को बेनामी घोषित कर अपने अधीन ले लिया है। इनकी अनुमानित कीमत 150 करोड़ से अधिक बताई जा रही है। केशव लाल पर 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की काली कमाई जमा करने का आरोप है।
नोएडा के बिल्डरों पर भी निगाह
आयकर विभाग ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा के पांच बिल्डरों पर भी नजर रखी है, जिनके प्रॉजेक्ट्स में केशव लाल ने बेनामी नाम से करोड़ों रुपये निवेश किए थे। संपत्तियों की जांच के लिए मेरठ, प्रयागराज, गाजियाबाद, आगरा समेत कई जिलों के रजिस्ट्री कार्यालयों से जानकारी मांगी गई है। विजिलेंस विभाग की टीम अगले सप्ताह नोएडा की तीनों अथॉरिटी में पड़ताल करने पहुंचेगी।
6 ठिकानों पर चली थी छापेमारी
नोएडा सेक्टर-34 निवासी वाणिज्य कर विभाग के सेवानिवृत्त एडीशनल कमिश्नर केशव लाल के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज कर लिया गया है।
नोटबंदी के दौरान 19 अप्रैल 2017 को आयकर विभाग ने नोएडा, लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, गाजियाबाद और चंदौली के ठिकानों पर छापेमारी की थी। नोएडा के घर से अलमारियों, गद्दों, पूजा घर और बाथरूम फ्लश में छिपाकर रखी 10.77 करोड़ रुपये की दो हजार की नोटों की गड्डियां बरामद हुई थीं।
सरकार ने रोकी 100 प्रतिशत पेंशन
कानपुर के लखनपुर में किराए के मकान से चार करोड़ रुपये मिले थे। तीन करोड़ रुपये के गहने भी जब्त हुए थे। छापे के बाद प्रदेश सरकार ने उन्हें जबरन सेवानिवृत्त कर दिया और 100 प्रतिशत पेंशन रोक दी।
मामले की जांच विजिलेंस विभाग को सौंपी गई। विजिलेंस ने 6 जनवरी 2026 को अपनी रिपोर्ट शासन को सौंप दी, जिसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की मंजूरी मिली।
किस किस प्रॉपर्टी पर हुई कार्रवाई
- सेक्टर-144 के ब्लाक एसएच में प्लाट नंबर 09, पत्नी के नाम 21 अक्टूबर 2013 में खरीदा
- सेक्टर-100 लोट्स बोलिवआर्ड स्पेशिया टावर 32 में फ्लैट नंबर 201, पत्नी के नाम 2017 में खरीदा
- सेक्टर-32 के वेव मेगा सिटी सेंटर, पत्नी के नाम दो आफिस, एक आवास के लिए जगह भी खरीदा
- सेक्टर-34 में हाउस नंबर सी-48, पत्नी इंदु श्रीवास्तव के नाम 23 मार्च 2010 में खरीदा
- सेक्टर-116 के ब्लाक एच में प्लाट नंबर 30, पत्नी के नाम 13 फरवरी 2013 को खरीदा











