नई दिल्ली। पर्यावरणीय नियमों की धज्जियां उड़ाकर चलाई जा रही तामिलनाडु के तिरुवल्लुर जिले में स्थित एक सी फूड यूनिट में अमोनिया की लीकेज (Gas leak) से सात लोगों की मौत हो गई है तकरीबन 60 का विभिन्न अस्पताल में इलाज चल रहा हैं। जिनमें से एक दर्जन वेंटिलेटर पर हैं।
द लेंस के पास एक्सक्लूसिव जानकारी है कि तमिलनाडु प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के द्वारा बार बार चेतावनी दिए जाने और जुर्माना लगाए जाने के बावजूद सेंट पीटर्स एंड पॉल सीफूड्स एक्सपोर्ट्स नाम की यह फैक्ट्री चलाई जा रही थी।
यह हादसा पेरियापालयम के निकट कन्निगापैर गांव में स्थित सेंट पीटर्स एंड पॉल सीफूड्स एक्सपोर्ट्स फैक्ट्री में हुआ। गैस रिसाव के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरातफरी मच गई और प्रभावित कर्मचारियों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।

ज्यादातर मजदूर उत्तर भारत के
हादसे की चपेट में आए ज्यादातर मजदूर उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से आए प्रवासी मजदूर बताए जा रहे हैं। गैस के संपर्क में आने के बाद कई लोगों ने सांस लेने में तकलीफ, चक्कर आने और उल्टी जैसी समस्याओं की शिकायत की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अमोनिया गैस का रिसाव फैक्ट्री में लगाए गए एक मेजर वाल्व से हुआ। प्रशासन और संबंधित विभागों ने घटना की जांच शुरू कर दी है ताकि रिसाव के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
प्रदूषण के लिए कुख्यात रहा कारखाना
द लेंस को जानकारी मिली तमिलनाडु राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (TNSPCB) और राज्य तटीय क्षेत्र प्रबंधन प्राधिकरण सहित संयुक्त समिति ने इस कारखाने की जांच में पाया था कि कंपनी के पास उचित जल निकासी व्यवस्था या अपशिष्ट जल उपचार संयंत्र (ETP) नहीं था। स्क्विड और ऑक्टोपस की सफाई के दौरान उत्पन्न काला तरल पदार्थ जमा होकर स्थानीय जल और वायु को लगातार प्रदूषित कर रहा था। इन जांचों के बाद, TNSPCB ने कंपनी को पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति का भुगतान करने का निर्देश दिया था।
राज्यपाल ने जताया दुख
तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि कन्निगापैर गांव के पास स्थित फैक्ट्री में अमोनिया गैस रिसाव की घटना में लोगों की जान जाना बेहद दुखद है और कई श्रमिकों के घायल होने की खबर चिंताजनक है।
राज्यपाल ने मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में ईश्वर उन्हें शक्ति और साहस प्रदान करें। साथ ही उन्होंने अस्पतालों में उपचाराधीन सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और उनके जल्द पूरी तरह स्वस्थ होने की प्रार्थना की।











