पीएम मोदी ने पुतिन को किस बात के लिए कहा थैंक्‍यू?

August 18, 2025 11:41 PM
Modi and Putin

लेंस डेस्‍क। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन कर यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ अलास्का में हुई अपनी शिखर वार्ता की जानकारी दी। यह बैठक तीन दिन पहले बिना किसी युद्धविराम समझौते के खत्म हुई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए हमेशा प्रयासरत रहा है और इस दिशा में हर कोशिश का समर्थन करता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “मैं अपने मित्र राष्ट्रपति पुतिन का फोन कॉल और अलास्का में राष्ट्रपति ट्रंप के साथ उनकी हालिया बैठक की जानकारी साझा करने के लिए धन्यवाद देता हूं। भारत ने हमेशा यूक्रेन संकट के शांतिपूर्ण समाधान की वकालत की है और इस दिशा में सभी प्रयासों का समर्थन करता है। मैं आने वाले दिनों में हमारी बातचीत को जारी रखने का इंतजार कर रहा हूं।”

पुतिन का अलास्का दौरा कई सालों में उनकी पहली अमेरिकी यात्रा थी, जिसे कूटनीतिक रूप से प्रतीकात्मक जीत माना गया, भले ही यूक्रेन ने उनके प्रस्तावों को तुरंत खारिज कर दिया।

इस बीच, अमेरिका और भारत के रिश्तों में नया तनाव देखने को मिल रहा है। ट्रंप प्रशासन ने हाल ही में भारतीय सामानों पर टैरिफ 25% से बढ़ाकर 50% कर दिया। उनका तर्क है कि भारत द्वारा रियायती रूसी कच्चे तेल को रिफाइन करके दोबारा निर्यात करने से मॉस्को के युद्ध प्रयासों को वित्तीय मदद मिल रही है।

भारत ने इस कदम को अनुचित बताया है और कहा कि वह अपनी रणनीतिक स्वायत्तता की नीति को बनाए रखते हुए विभिन्न स्रोतों से ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करता रहेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now