कठुआ में CISF कैंप में फायरिंग, चार जवानों की मौत; साथी जवान गिरफ्तार

कठुआ। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में मंगलवार शाम CISF कैंप में हुई फायरिंग की घटना में चार जवानों की मौत हो गई। घटना बसोहली इलाके के मशका गांव स्थित सेवा पावर प्रोजेक्ट में तैनात CISF यूनिट में करीब शाम 6:40 बजे हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जवानों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी, जिसके बाद एक जवान ने अपने साथियों पर गोली चला दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को सुरक्षित कर जांच शुरू की।

AK-47 से की अंधाधुंध फायरिंग

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी हेड कॉन्स्टेबल अवधेश कुमार सिंह ने कथित तौर पर अपने सरकारी AK-47 से फायरिंग की। CISF के अनुसार, उसके पास करीब 150 राउंड गोलियां थीं। गोली लगने से चार जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें हिमाचल प्रदेश के एक NHPC अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान सभी की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सहायक
सेनानायक अंकित कुमार पांडेय, सब-इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह, कॉन्स्टेबल रफीक अहमद और कॉन्स्टेबल संदीप कुमार के रूप में हुई है।

आरोपी जवान गिरफ्तार, जांच जारी

फायरिंग के बाद आरोपी अवधेश कुमार सिंह को गिरफ्तार कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में घटना के पीछे जवानों के बीच हुई बहस को वजह बताया जा रहा है, हालांकि फायरिंग के वास्तविक कारण और पूरी परिस्थितियों की जांच अभी जारी है। अधिकारियों की ओर से घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now