एथेंस। ग्रीस में आयोजित एयर शो (air Show)के दौरान शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। एथेंस के पास तानाग्रा एयर बेस पर F-4 फैंटम लड़ाकू विमान कम ऊंचाई पर करतब दिखाते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई।
यह हादसा Athens Flying Week के दौरान हुआ, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान कम ऊंचाई पर उड़ान भरते हुए एक मोड़ ले रहा था। इसी दौरान वह तेजी से नीचे आया और जमीन से टकराने के बाद आग के गोले में तब्दील हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल से काले धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया।
हजारों दर्शकों के सामने हुआ हादसा
हादसे के समय एयर शो में हजारों दर्शक मौजूद थे। हालांकि, अधिकारियों के अनुसार दर्शकों या आसपास के लोगों के घायल होने की कोई सूचना नहीं है। दुर्घटना के बाद सुरक्षा कारणों से इलाके में बचाव अभियान चलाया गया और एयर शो के बाकी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए।
आग बुझाने में जुटी दमकल और हेलीकॉप्टर
विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद आसपास के इलाके में आग फैल गई। आग पर काबू पाने के लिए बड़ी संख्या में दमकलकर्मियों के साथ कई विमान और हेलीकॉप्टर लगाए गए। बचाव अभियान के दौरान दोनों पायलटों के शव बरामद किए गए।
हादसे की वजह का अभी आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं हुआ है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
ग्रीक वायुसेना ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है। इस दुर्घटना ने एक बार फिर एयर शो के दौरान कम ऊंचाई पर होने वाली प्रदर्शन उड़ानों के जोखिम को सामने ला दिया है।










