अनिल अंबानी पर ED का बड़ा एक्‍शन, 3,716.83 करोड़ रुपये का घर कुर्क

Anil Ambani

लेंस डेस्‍क। अनिल अंबानी से जुड़ी मुंबई के प्रतिष्ठित पाली हिल इलाके की बहुमंजिला आवासीय संपत्ति ‘एबोड’ को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अस्थायी रूप से कुर्क कर लिया है। इस लग्जरी प्रॉपर्टी की अनुमानित कीमत 3,716.83 करोड़ रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की गई है।

इससे पहले भी ईडी ने अनिल अंबानी से संबंधित संपत्तियों को लगभग 473.17 करोड़ रुपये की राशि में अटैच किया हुआ था। अब इस नए कदम के साथ मामले में कुल कुर्क की गई संपत्तियों का मूल्य करीब 15,700 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

यह जांच सीबीआई की एक एफआईआर पर आधारित है, जिसमें रिलायंस कम्युनिकेशंस (RCOM), अनिल अंबानी और अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत केस चल रहा है।

ईडी के अनुसार, आरकॉम और उसकी सहयोगी कंपनियों ने घरेलू व विदेशी बैंकों से कुल 40,185 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था, जो अब बकाया है। जांच में पता चला कि ‘एबोड’ प्रॉपर्टी को राइजई ट्रस्ट नामक एक प्राइवेट फैमिली ट्रस्ट में ट्रांसफर कर दिया गया था, जो अंबानी परिवार से जुड़ा है।

एजेंसी का दावा है कि यह कॉरपोरेट रिस्ट्रक्चरिंग का इस्तेमाल परिवार की संपत्ति को सुरक्षित रखने और बैंकों की वसूली कार्रवाई से बचने के लिए किया गया। साथ ही, अनिल अंबानी द्वारा बैंकों को दी गई पर्सनल गारंटी से जुड़ी जिम्मेदारियों को अलग दिखाने की कोशिश की गई।

66 वर्षीय अनिल अंबानी ने अगस्त 2025 में ईडी के समक्ष पहली बार बयान दर्ज कराया था। अब दूसरी बार पूछताछ के लिए उन्हें दिल्ली में पेश होने की संभावना है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now