पायलट की अचानक बिगड़ी तबीयत, मस्कट डायवर्ट हुई दोहा-बेंगलुरु फ्लाइट

नई दिल्ली। दोहा से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब उड़ान के दौरान एक पायलट(pilot) की तबीयत अचानक बिगड़ गई। मेडिकल इमरजेंसी को देखते हुए फ्लाइट 6E 1302 को उसके निर्धारित गंतव्य बेंगलुरु के बजाय ओमान के मस्कट डायवर्ट किया गया। विमान को सुरक्षित रूप से मस्कट में उतारा गया।

मस्कट में पायलट को तत्काल मेडिकल सहायता दी गई। एयरलाइन के मुताबिक, ऑपरेटिंग क्रू के एक सदस्य को तत्काल चिकित्सा सहायता की जरूरत थी। विमान के मस्कट पहुंचने के बाद मेडिकल टीम ने संबंधित क्रू सदस्य की जांच और उपचार किया। इंडिगो ने बताया कि फिलहाल उनकी तबीयत बेहतर है। हालांकि, तबीयत बिगड़ने की वास्तविक वजह के बारे में एयरलाइन की ओर से कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।

यात्रियों की आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए गए। इंडिगो ने यात्रियों को बेंगलुरु पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान और नए क्रू की व्यवस्था की है। मस्कट में इंतजार कर रहे यात्रियों को एयरलाइन की ओर से रिफ्रेशमेंट उपलब्ध कराया जा रहा है और उन्हें उड़ान से जुड़े नियमित अपडेट भी दिए जा रहे हैं।

इंडिगो ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा कि यात्रियों, क्रू और विमान की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में विमान को मस्कट उतारने का फैसला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया। फिलहाल फ्लाइट के दोबारा रवाना होने के समय की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now