कांग्रेस का बड़ा आरोप… साय सरकार के दौर में छत्तीसगढ़ से 5 लाख गोवंश गायब, 2500 की हादसे और भूख से मौत

September 29, 2025 4:53 PM
Deepak Baij

रायपुर। कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज (Deepak Baij) ने आंकड़ों के साथ दावा किया है कि छत्तीसगढ़ में गोठान योजना और गोबर खरीदी योजना को बंद करने का असर गोवंश पर पड़ा है। साय सरकार के करीब पौने दो सालों में प्रदेश से 5 लाख गोवंश गायब हो गए हैं। वहीं, करीब 25 सौ गोवंश की हादसे और भूख से मौत हुई है।

प्रदेश कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपक बैज ने कहा, ‘भाजपा सरकार के राज में गायों की तस्करी शुरू हो गई है। गायें भूख से और दुर्घटना से मर रही हैं।’

दीपक बैज ने आगे कहा, ‘भाजपा की सरकार बनने के बाद बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के कांग्रेस सरकार की गौठान योजना और गोबर खरीदी योजना को बंद कर दिया गया, जिसके कारण पिछले पौने दो साल में चारे पानी के अभाव में भूख से तथा खुले में घूमने के कारण सड़को पर एक्सीडेंट से बड़ी संख्या में गायों की लगातार मौत हो रही है।’

मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से दीपक बैज ने कहा कि पौने दो वर्ष में 850 से अधिक गाय सड़को पर कुचल कर मारी गईं। लगभग 1200 से अधिक गाय भूख से चारे-पानी के अभाव में मारी गई। 200 से अधिक गाय जहरीला पदार्थ आदि खाने से मारी गईं हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि सरकार ने गोठान बंद कर दिया। विकल्प के तौर पर पहले गो अभ्यारण्य बनाने की बात की गई। फिर गोधाम बनाने का निर्णय हुआ। लेकिन अब तक न गो अभ्यारण्य बनाया गया और न ही गो धाम बनाया गया। दिखावे के लिये गोधामों में चारा के लिये राशि प्रति पशुधन 10 रूपए प्रतिदिन चारा के लिये आवंटन की घोषणा भी की, लेकिन इतने में कौन सा चारा आयेगा?

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि गोठान बंद होने के कारण आवारा घूम रहे गो वंश जब एक समस्या के रूप में सामने आई तो सरकार ने अघोषित रूप से एक बेहद ही क्रूर निर्णय लिया और गो वंश की तस्करी को बढ़ावा देना शुरू कर दिया।

दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय तक 2023 में लगभग 14 लाख गोवंश का राज्य में कांग्रेस की सरकार के समय 10800 गोठानों में व्यवस्थापन होता था। उनके चारे पानी की व्यवस्था होती थी।

गायों की मौत के मामले में कांग्रेस ने अभी तक 6 कमेटियां बनाई हैं। उनकी रिपोर्ट और हमने जो अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से गांव वालों से चर्चा कर जानकारी एकत्रित की, वह बहुत ही चौंकाने वाली वाली और दुखद है।

दीपक बैज ने बताया कि दो साल में गांवों और शहरों में पशुओं की संख्या 40 फीसदी तक घट गई है। अर्थात राज्य से पिछले दो सालों में लगभग 5 लाख से अधिक गोवंश गायब हो गए। दुर्घटना से मरने वाली भूख से मरने वाली कुल गायों की संख्या तो लगभग 2 हजार से ढाई हजार तक है। फिर ये लगभग पांच लाख गाय कहां गई? सीधा मतलब है उनकी तस्करी कर यूपी महाराष्ट्र के स्लाटर हाउस पहुंचा दी गई।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि खुद को गो पूजक और गो रक्षक बताने वाली भाजपा के राज में यह महा पाप हो रहा गायों की तस्करी हो रही गाय स्लाटर हाउस भेजी जा रही। मोदी सरकार आने के बाद भारत ब्राजील के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा बीफ निर्यातक बन गया। बीफ निर्यात करके मोदी सरकार हर साल 4.3 अरब डॉलर कमा रही है।

2014 के बाद भाजपा की मोदी सरकार की नीतियों के कारण भारत दुनिया के 65 देशों में बीफ निर्यात कर रहा है। भाजपा शासित राज्यों यूपी, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र में देश के सर्वाधिक स्लांंटर हाउस हैं। इलेक्ट्रोल बांड में खुलासा हुआ कि भाजपा ने बीफ निर्यातक कंपनियों से चंदा लिया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि पिछले पौने दो साल में प्रदेश से गायब लगभग 5 लाख गोवंश के बारे में सरकार स्पष्टीकरण दें। सरकार 2023 के पहले के सभी 10800 गौठानो को पुनः शुरू करें। गोठानों में चारा पानी की सुरक्षित व्यवस्था किया जाए।

कांग्रेस की तरफ से लगाए गए आरोपों पर बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि गायों के नाम पर कांग्रेस ने गौठानों के नाम पर लूट मचाई थी। भ्रष्टाचार किया था। अब विष्णुदेव साय सरकार गायों के लिए नीति बना रही है और उस नीति के आधार पर गायों का संरक्षण किया जाएगा।

यह भी पढ़ें : GST बचत उत्सव का जायजा लेने बाजार पहुंचे सीएम साय

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। 2022 से दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर के तौर पर काम किया है। इस दौरान स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन खबरें लिखीं। दैनिक भास्‍कर से पहले नवभारत, नईदुनिया, पत्रिका अखबार में 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now