राजस्‍थान : सड़क हादसे में 13 की मौत, मृतकों में सात बच्चे, पिकअप में सवार थे एक ही परिवार के 27 लोग

August 13, 2025 5:51 PM
dausa road accident

दौसा। राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 लोगों की जान चली गई। मृतकों में सात बच्चे (छह लड़कियां और एक लड़का) और चार महिलाएं शामिल हैं। यह दुर्घटना उस समय हुई जब श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप गाड़ी सड़क पर खड़े एक कंटेनर से जा टकराई। पिकअप में सवार 27 लोग उत्तर प्रदेश के एटा जिले के एक ही परिवार के थे। ये लोग खाटूश्यामजी और सालासर बालाजी के दर्शन कर अपने गांव लौट रहे थे। लेकिन दौसा-मनोहरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सैंथल थाना क्षेत्र के बापी के पास यह हादसा हो गया।

दौसा के पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने बताया कि यह हादसा सुबह करीब 3:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 16 अन्य लोग घायल हुए हैं। जिनमें से 12 का इलाज जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में चल रहा है। इनमें तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। शेष चार घायलों का दौसा जिला अस्पताल में उपचार हो रहा है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “दौसा में हुए भीषण सड़क हादसे में लोगों की मृत्यु का समाचार बेहद दुखद है। जिला प्रशासन को घायलों के उचित और त्वरित इलाज के लिए निर्देश दिए गए हैं। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।” मुख्यमंत्री ने घायलों के मुफ्त इलाज के भी निर्देश दिए हैं।

हादसे का कारण

पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना बैसई थाना क्षेत्र में हुई, जहां पिकअप अनियंत्रित होकर कंटेनर के पीछे जा टकराई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह राजमार्ग काफी व्यस्त है और रात में संभवतः चालक को नींद की झपकी आने से यह हादसा हुआ। मौके पर पहुंचे लोगों ने बताया कि पिकअप की रफ्तार तेज थी, जिसके कारण वह कंटेनर से टकरा गई।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now