दंतेवाड़ा में धान घोटाला: रिकॉर्ड में 26,747 क्विंटल खरीदी, लेकिन वजन में पांच हजार क्विंटल कम

Dantewada paddy scam

दंतेवाड़ा। जिले में चावल घोटाले के बाद अब धान की गुणवत्ता और कमी का मामला सामने आ रहा है। कुछ दिनों पहले दंतेवाड़ा जिले के गीदम वेयरहाउस में लापरवाही के कारण 18 करोड़ रुपये मूल्य के लगभग 30 हजार क्विंटल चावल खराब हो गए थे।

इस मामले में कई कर्मचारियों को निलंबित किया गया था और चावल के उठाव व रखरखाव के मामले में क्वालिटी इंस्पेक्टर पर भी गंभीर सवाल उठे थे। इन कारणों से दक्षिण बस्तर के जिलों में पीडीएस आपूर्ति का संकट भी उत्पन्न हुआ था।

अब चावल के बाद धान खरीदी, धान की गुणवत्ता और कमियों के एडजस्टमेंट को लेकर सुगबुगाहट और चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

जिले की KR इंडस्ट्री और अनीसा राइस मिल ने जिला विपणन अधिकारी को पत्र के माध्यम से शिकायत की है कि उपार्जन केंद्र दंतेवाड़ा (61000101) में मौजूद धान खराब है। उन धानों को मिलिंग करने के बाद मिलिंग में पाखर (भूसी/कचरा) आ रहा है, चावल डिसकलर (रंग बदलकर खराब) हो रहा है और शासन द्वारा निर्धारित मापदंड के अनुरूप चावल नहीं निकल रहा है। शासन ने निर्धारित किया है कि प्रति क्विंटल धान से 67% चावल निकलना चाहिए, जबकि चावल मुश्किल से 40% ही निकल रहा है।

शिकायत पत्र में धान की पट्टी जांच भी मिलर्स के सामने करने का जिक्र किया गया है, क्योंकि मिलर्स का मानना है कि जितना धान उठाव का डिलीवरी ऑर्डर (DO) कटा है, उतना धान उपार्जन केंद्र में है ही नहीं।

इस शिकायत की जानकारी मिलते ही हमारी दा लेंस की टीम जब उपार्जन केंद्र बालूद पहुंची, तो देखा कि जितना उपार्जन केंद्र में धान क्रय दिखाया गया है, उतना धान केंद्र में मौजूद नहीं था। उपार्जन केंद्र बालूद में इस वर्ष 26,747 क्विंटल धान क्रय किया जाना बताया गया है, लेकिन कुछ कर्मचारियों और मिलर्स के अनुसार यहां जितना बताया जा रहा है, उससे लगभग पांच हजार क्विंटल धान कम है। अब इतने कम धान को एडजस्ट करके बराबर करने के जुगाड़ में लगे हुए हैं।

इस शिकायत के मामले में जब द लेंस ने जिला विपणन अधिकारी और खाद्य अधिकारी से पूछा, तो वे जवाब देने से बचते रहे और बताया कि मामला जिला कलेक्टर के संज्ञान में डाल दिया है। अब वे जो दिशा-निर्देश देंगे, उसी आधार पर कार्यवाही होगी। यह खबर लिखे जाने तक जिला कलेक्टर से संपर्क नहीं हो पाया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now