COVID UPDATE: भारत में बढ़ रहे मामले, नए वैरिएंट की पहचान, केंद्र और राज्य सरकारें सतर्क

COVID CASES IN INDIA

द लेंस डेस्क। भारत में कोविड-19 ( COVID CASES IN INDIA )के मामलों में हाल के दिनों में वृद्धि देखी जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार देश में सक्रिय कोविड मामलों की संख्या 6,491 तक पहुंच गई है। पिछले 24 घंटों में 358 नए मामले सामने आए हैं जबकि 6,861 मरीज ठीक हो चुके हैं। केरल में सबसे अधिक 1,957 सक्रिय मामले हैं इसके बाद गुजरात (980), पश्चिम बंगाल (747) और दिल्ली (728) का स्थान है।

65 मौतें, लेकिन रविवार को कोई नया मामला नहीं

जनवरी 2025 से अब तक 11 राज्यों में कोविड से 65 लोगों की मृत्यु हो चुकी है जिनमें से 58 मौतें पिछले 10 दिनों में हुई हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पिछले एक हफ्ते में औसतन 5-6 मरीजों की मृत्यु रोजाना हो रही थी लेकिन रविवार को किसी की भी मृत्यु दर्ज नहीं की गई।

कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को अस्पतालों में ऑक्सीजन, आइसोलेशन बेड, वेंटिलेटर, और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। देशभर में अस्पतालों की तैयारियों का आकलन करने के लिए मॉक ड्रिल भी आयोजित की जा रही है।

राज्यों का अपडेट

केरल: सबसे अधिक प्रभावित राज्य में अस्पतालों में मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। जुकाम, खांसी या बुखार जैसे लक्षणों वाले मरीजों के लिए कोविड टेस्ट अनिवार्य है। स्वास्थ्य विभाग ने जून 2023 की गाइडलाइंस का पालन करने के निर्देश दिए हैं।

गुजरात: स्वास्थ्य मंत्री रुशिकेश पटेल ने कहा कि राज्य कोविड से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। 508 सक्रिय मामलों में से 18 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि बाकी होम आइसोलेशन में हैं।

महाराष्ट्र: जनवरी से अब तक 17 मरीजों की मृत्यु हुई है, जिनमें से 16 अन्य बीमारियों से भी पीड़ित थे। 13,707 सैंपल टेस्ट में 1,064 पॉजिटिव पाए गए।

कर्नाटक: गुलबर्गा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में 25 बेड का कोविड वार्ड तैयार किया गया है, जिसमें आईसीयू, हाई डिपेंडेंसी यूनिट और गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष बेड शामिल हैं।

उत्तराखंड: अस्पतालों में ऑक्सीजन और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए गाइडलाइंस जारी की गई हैं। इन्फ्लूएंजा और सांस संबंधी गंभीर बीमारियों की निगरानी बढ़ा दी गई है।

सिक्किम: स्वास्थ्य मंत्री जीटी धुंगेल ने बताया कि 29 मई से अब तक 526 सैंपल टेस्ट किए गए, जिनमें 15 पॉजिटिव पाए गए। मास्क और सैनिटाइजर का उपयोग अनिवार्य है।

हिमाचल प्रदेश: 3 जून को सिरमौर जिले में पहला मामला सामने आने के बाद 4 जून से अस्पतालों में मास्क अनिवार्य कर दिया गया।

नए वैरिएंट की पहचान, लंबे समय तक कोविड के लक्षण

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार देश में कोविड-19 के चार नए वैरिएंट (LF.7, XFG, JN.1, और NB.1.8.1) की पहचान हुई है। इनमें JN.1 सबसे आम है जो टेस्टिंग में आधे से अधिक सैंपल में पाया गया। यह वैरिएंट ओमिक्रॉन के BA2.86 का एक स्ट्रेन है और इम्यूनिटी को कमजोर करने की क्षमता रखता है। हालांकि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इन्हें गंभीर नहीं माना है लेकिन निगरानी में रखने की सलाह दी है।

NB.1.8.1 वैरिएंट के म्यूटेशन तेजी से फैलने की क्षमता रखते हैं और इम्यूनिटी पर कम असर डालते हैं। JN.1 वैरिएंट के लक्षण कुछ दिनों से लेकर हफ्तों तक रह सकते हैं। कुछ मामलों में मरीजों को “लॉन्ग कोविड” की स्थिति का सामना करना पड़ सकता है, जिसमें ठीक होने के बाद भी लक्षण बने रहते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now