रायपुर। विश्व कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट और छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (CM Vishnu Deo Sai) ने शनिवार को नवा रायपुर स्थित अपने निवास में आयोजित एक समारोह में टाटा कार गिफ्ट की।
मुख्यमंत्री साय ने आकांक्षा को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने विश्व कप जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने टीम के सम्मान और प्रोत्साहन के लिए टाटा मोटर्स द्वारा कार उपहार देने की पहल की सराहना की।
दरअसल भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पिछले वर्ष अपना पहला महिला विश्व कप खिताब जीतकर इतिहास रचा था। इस उपलब्धि के सम्मान में टाटा मोटर्स ने टीम के प्रत्येक सदस्य को सिएरा एसयूवी के टॉप-एंड मॉडल भेंट करने की घोषणा की थी। इसी क्रम में आकांक्षा सत्यवंशी को रायपुर में मुख्यमंत्री के हाथों यह कार प्रदान की गई।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने बताया कि बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों के जरिए दूरदराज क्षेत्रों के युवाओं को खेलों से जोड़ा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी प्रदेश को मिलने से राज्य में खेलों के लिए सकारात्मक माहौल बना है। उन्होंने कहा कि महिला क्रिकेट टीम की यह ऐतिहासिक उपलब्धि प्रदेश की बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
इस अवसर पर आकांक्षा सत्यवंशी ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि विश्व कप जीतकर लौटने के बाद सबसे पहले मुख्यमंत्री ने पूरी टीम का उत्साहवर्धन किया और उन्हें व्यक्तिगत रूप से मिलने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि अभिभावक की तरह मुख्यमंत्री का स्नेह और प्रोत्साहन हमेशा उनका मनोबल बढ़ाता है।
समारोह में भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष राम प्रताप सिंह, आकांक्षा के परिजन और टाटा मोटर्स के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।









