कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अमेरिका से रवाना, प्रदर्शन के लिए अनुमति का इंतजार

Abhijeet Dipke

नई दिल्ली। दिल्ली में शनिवार को होने वाले विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कॉकरोच जनता पार्टी यानी कि CJP के संस्थापक Abhijeet Dipke अमेरिका से भारत के लिए रवाना हो चुके हैं।अभिजीत दीपके शनिवार सुबह दिल्ली पहुंचेंगे, जहां वे अपने समर्थकों के साथ बड़ा विरोध प्रदर्शन करेंगे। हालांकि, इस प्रदर्शन के लिए दिल्ली पुलिस से अभी तक अनुमति नहीं ली गई है।

अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर भारत रवाना होने की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, ‘भारत के लिए निकल गया हूं। मैं अपना भविष्य संविधान के हाथों में छोड़ता हूं। जय भीम।’

यह पोस्ट उन्होंने 5 जून को की थी। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वे किस फ्लाइट से दिल्ली आ रहे हैं और कब लैंड करेंगे।

अभिजीत दीपके ने कहा है कि इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर लैंड करने के बाद वे सबसे पहले पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने जाएंगे और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति मांगेंगे। उन्होंने अपने समर्थकों और पार्टी के पंजीकृत सदस्यों को प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।

पार्टी के 11 लाख से ज्यादा पंजीकृत सदस्य

अभिजीत दीपके ने एक इंटरव्यू में दावा किया कि बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हजारों लोग आ रहे हैं और उनकी पार्टी के 11 लाख से ज्यादा पंजीकृत सदस्य हो चुके हैं।

प्रदर्शन के जरिए कॉकरोच जनता पार्टी का मुख्य लक्ष्य केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर इस्तीफे का दबाव बनाना है। नीट पेपर लीक और CBSE परीक्षा परिणामों में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर उनके इस्तीफे की मांग की जा रही है।

चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत द्वारा बेरोजगार युवाओं की तुलना कथित तौर पर कॉकरोच से करने के बाद मजाक में यह पार्टी का नाम सोशल मीडिया पर बनाया गया था। मात्र चार दिनों में इसके फॉलोअर्स की संख्या बीजेपी और कांग्रेस से भी ज्यादा हो गई।

यह भी पढ़ें: ‘मम्मी-पापा… मुझमें दोबारा NEET देने की हिम्मत नहीं है’… यह लिखकर एक और छात्रा ने कर ली खुदकुशी

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now