चिंतन शिविर 2.0 : पहले दिन वित्तीय प्रबंधन पर फोकस, IIM अहमदाबाद के प्रोफेसर ने सब्सिडी पर ली क्लास

June 9, 2025 1:32 AM
Chintan Shivir 2.0

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों का दो दिवसीय चिंतन शिविर 2.0 आज आईआईएम रायपुर में शुरू हुआ। छत्तीसगढ़ शासन के सुशासन एवं अभिसरण विभाग ने आईआईएम के सहयोग से इस चिंतन शिविर का आयोजन किया है।

आईआईएम रायपुर में आयोजित इस शिविर के पोस्ट लंच सत्र में आज आईआईएम अहमदाबाद के प्रोफेसर डॉ. रविंद्र ढोलकिया ने ‘सब्सिडी से सततता : विकास के लिए सार्वजनिक वित्त पर पुनर्विचार’ विषय पर प्रेजेंटेशन दिया। उन्होंने वित्तीय प्रबंधन, संसाधनों के बेहतर उपयोग, संसाधन जुटाने के लिए आवश्यक कदम, रेवेन्यू कलेक्शन जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अच्छी विकास दर हासिल करने के लिए पूंजीगत व्यय बढ़ाना आवश्यक है।

इसे भी पढ़ें : कलेक्टर ने मंत्री से टकराहट मोल ली, चर्चा दिल्ली तक !

प्रोग्राम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह शिविर आत्मनिरीक्षण और ज्ञान के आदान-प्रदान का अनूठा अवसर है, जो छत्तीसगढ़ को सुशासन के नए आयामों तक ले जाएगा। उन्होंने पिछले चिंतन शिविर से प्राप्त सुझावों को लागू कर आम जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की बात कही। श्री साय ने बताया कि डेढ़ वर्षों में 350 से अधिक प्रशासनिक सुधार किए गए, जिनमें ई-ऑफिस प्रणाली ने फाइलों के मैनुअल ढेर को समाप्त कर जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित की है। अब फाइलें ऑनलाइन मूव होती हैं, और हर कार्य की समय-सीमा निर्धारित है, जिससे भ्रष्टाचार की गुंजाइश खत्म हुई है।

कार्यक्रम में आज ‘परिवर्तनकारी नेतृत्व और दूरदर्शी शासन’, ‘संस्कृति, सुशासन और राष्ट्र निर्माण’ तथा ‘सक्षमता से सततता तक: विकास के लिए सार्वजनिक वित्त पर पुनर्विचार’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सत्र आयोजित किया गया। दो दिवसीय शिविर के दौरान भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के पूर्व अध्यक्ष डॉ. विनय सहस्रबुद्धे, आईआईएम इंदौर के डायरेक्टर प्रो. हिमांशु राय, आईआईएम अहमदाबाद से डॉ. रविंद्र ढोलकिया, प्रधानमंत्री आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य संजीव सान्याल, पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक उदय माहुरकर, ग्लोबल डिजिटल स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. राजेंद्र प्रताप गुप्ता जैसे ख्यातिप्राप्त विशेषज्ञ विभिन्न सत्रों को संबोधित कर रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय सहित सभी मंत्रीगण, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, सुशासन और अभिसरण विभाग के विशेष सचिव रजत बंसल, भारतीय प्रबंध संस्थान रायपुर के निदेशक राम काकाणी मौजूद थे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने आईआईएम रायपुर में आयोजित चिंतन शिविर 2.0 के पहले दिन की शाम परिसर में सुशासन वाटिका का शुभारंभ किया। इस दौरान सीएम साय ने मंत्रिमंडल के साथ मौलश्री के पौधे का रोपण किया। 

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now