रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए होली से पहले धान की अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कैबिनेट बैठक (CG Cabinet) में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।
कैबिनेट के फैसले के अनुसार, राज्य में समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर की राशि होली पर्व से पहले एकमुश्त प्रदान की जाएगी। यह भुगतान ‘कृषक उन्नति योजना’ के तहत किया जाएगा।
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में राज्य के 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। सरकार द्वारा लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की अंतर राशि किसानों के खातों में सीधे हस्तांतरित की जाएगी।
सरकार का कहना है कि इस निर्णय से किसानों को आर्थिक मजबूती मिलेगी और त्योहार से पहले उन्हें राहत प्राप्त होगी।
गौरतलब है कि पिछले दो वर्षों में कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को धान के मूल्य अंतर के रूप में 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। इस वर्ष 10 हजार करोड़ रुपये के अतिरिक्त भुगतान के बाद कुल राशि बढ़कर 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगी।
बैठक में कैबिनेट के सभी मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सरकार के इस फैसले को किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे प्रदेश के लाखों कृषकों को सीधा लाभ मिलेगा।










