अहिवारा से BJP विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन, हैदराबाद में चल रहा था इलाज

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की अहिवारा विधानसभा सीट से भाजपा (BJP) विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन हो गया है। वे पिछले कुछ दिनों से फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे थे। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन से भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक है।

2008 में पहली बार पहुंचे विधानसभा

डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने 1998 में राजनीति में कदम रखा था। वर्ष 1999 में वे दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के तत्कालीन सांसद के निजी सहायक रहे। इसके बाद भाजपा ने उन्हें 2008 के विधानसभा चुनाव में अहिवारा सीट से टिकट दिया और वे पहली बार विधायक चुने गए। वर्ष 2023 में पार्टी ने उन्हें दोबारा उम्मीदवार बनाया। इस चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के निर्मल कोसरे को 25 हजार 263 वोटों से हराया था। कोर्सेवाड़ा को 96 हजार 717 और कोसरे को 71 हजार 454 वोट मिले थे।

शिक्षक से विधायक तक का सफर

12 अगस्त 1948 को जन्मे कोर्सेवाड़ा ने शुरुआती पढ़ाई गांव में की थी। इसके बाद पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की। राजनीति में आने से पहले वे शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत थे।

अपने राजनीतिक जीवन में वे छत्तीसगढ़ विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष भी रहे। इस पद पर उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिला था। इसके अलावा उन्होंने विधानसभा की अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग के कल्याण से संबंधित समितियों में भी जिम्मेदारियां निभाईं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now