रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा ने 20 अप्रैल को राजधानी रायपुर में जन आक्रोश यात्रा (Jan Aakrosh Yatra) निकालने की घोषणा की है। यह यात्रा नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के विरोध के खिलाफ आयोजित की जा रही है।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने कहा कि इस यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित कई सांसद और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अलावा महिला सांसद रूपकुमारी चौधरी, कमलेश जांगड़े और लक्ष्मी वर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी भाग लेंगे।
यह जन आक्रोश यात्रा 20 अप्रैल को अपराह्न 4 बजे बलबीर जुनेजा इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर सुभाष स्टेडियम तक जाएगी, जहां एक सभा का आयोजन किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने रविवार को एकात्म परिसर स्थित पार्टी कार्यालय में बैठक लेकर यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए दिशा-निर्देश दिए। बैठक में प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, डॉ. नवीन मार्कण्डेय, अखिलेश सोनी, विधायक सुनील सोनी और रायपुर शहर जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद नेताओं ने सभा स्थल का निरीक्षण भी किया।
विभा अवस्थी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने पर कांग्रेस और विपक्षी दलों के खिलाफ मातृशक्ति में आक्रोश है। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में आगे भी आंदोलन की रूपरेखा तय की गई है।
भाजपा महिला मोर्चा ने घोषणा की है कि 23 और 24 अप्रैल को प्रदेशभर में महिला सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। वहीं 26 और 27 अप्रैल को मंडल स्तर पर पुतला दहन कार्यक्रम भी होंगे।










