Assembly Election 2026 : असम, केरल और पुडुचेरी में मतदान खत्म, असम में 84.42% वोटिंग

April 9, 2026 6:36 PM

Assembly Election 2026 असम, केरल और पुडुचेरी की कुल 296 विधानसभा सीटों पर आज सिंगल फेज में मतदान चल रहा है। सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ था। चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, शाम 5 बजे तक असम में 84.42%, केरल में 75.01% और पुडुचेरी में 86.92% मतदान दर्ज किया गया है। असम में साढ़े 5 बजे वोटिंग समाप्त हो गई है।

तीनों राज्यों में मतदाता सुबह से ही उत्साह के साथ पोलिंग बूथों पर पहुंच रहे हैं। तीनों राज्यों में करीब 10 लाख से ज्यादा युवा पहली बार अपना वोट डाल रहे हैं।

इन क्षेत्रों की कुल 296 सीटों पर 5.3 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच शुरू हुई इस वोटिंग प्रक्रिया में तकनीक का भी भरपूर इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसमें संवेदनशील बूथों पर वेबकास्टिंग और ड्रोन से निगरानी शामिल है।

प्रमुख नेताओं ने किया मतदान

पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी मोटरसाइकिल पर सवार होकर पोलिंग बूथ पहुंचे। वोट डालने से पहले उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने सुबह ही कन्नूर के आरसी अमला बेसिक अपर प्राइमरी स्कूल में वोट डाला।
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने गुवाहाटी में मां कामाख्या मंदिर में पूजा कर वोटिंग की शुरुआत की।

तीन राज्यों की खास बातें

केरल: 70 साल में पहली बार कोई मुख्यमंत्री हैट्रिक बनाने के लिए चुनाव लड़ रहा है। यहां 2.71 करोड़ मतदाता 890 उम्मीदवारों में से अपना प्रतिनिधि चुनेंगे।
असम: भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य रखे हुए है। राज्य की 126 सीटों पर 41 पार्टियों के 722 उम्मीदवार मैदान में हैं।
पुडुचेरी: कांग्रेस से अलग होकर चुनाव लड़ रहे एन. रंगास्वामी पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनने की कोशिश कर रहे हैं। यहां 20 पार्टियों के 294 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

अन्य महत्वपूर्ण अपडेट

केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में मशहूर अभिनेता मोहनलाल ने वोट डाला।
केरल भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने नेमम सीट से चुनाव लड़ते हुए वोट किया।
असम के बरपेटा जिले में सुबह तेज बारिश के कारण मतदान प्रभावित हुआ।
पुडुचेरी में एक रोबोट ने पोलिंग बूथ पर आने वाले मतदाताओं का स्वागत किया, जो काफी चर्चा में रहा।

कुल सीटें

असम – 126 | केरल – 140 | पुडुचेरी – 30 | कुल – 296 . मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। नतीजे 4 मई को आएंगे।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now