नई दिल्ली | बॉलीवुड के सबसे पॉपुलर सिंगर अरिजीत सिंह Arijeet Singh ने 27 जनवरी को एक बड़ा ऐलान किया, जिसने फैंस और इंडस्ट्री को हैरान कर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर कहा कि अब वे कोई नया प्लेबैक सिंगिंग असाइनमेंट नहीं लेंगे। अरिजीत ने लिखा, ‘हैलो, हैप्पी न्यू ईयर टू ऑल। इतने सालों से मिले प्यार के लिए शुक्रिया। मैं खुशी से ऐलान करता हूं कि अब मैं कोई नया प्लेबैक वोकलिस्ट असाइनमेंट नहीं लूंगा। मैं इसे खत्म कर रहा हूं। ये एक शानदार सफर रहा।’

अरिजीत ने साफ किया कि वे म्यूजिक बनाना बंद नहीं करेंगे। वे पुराने कमिटमेंट्स पूरे करेंगे और इंडिपेंडेंट म्यूजिक पर फोकस करेंगे। फैंस के बीच इस खबर से सदमा फैल गया। कई लोगों ने लिखा, ‘अरिजीत दादा, ऐसा मत करो!’ जबकि कुछ ने कहा, ‘ये फैसला सही समय पर लिया, क्योंकि उन्होंने बहुत कुछ दे दिया।’
रिटायरमेंट के पीछे क्या वजह?
अरिजीत ने अपनी पोस्ट में कई वजहें बताईं। उन्होंने कहा कि एक वजह तो बहुत सीधी है, उनका इंटरेस्ट जल्दी खत्म हो जाता है, इसलिए वे गानों के अरेंजमेंट बदलते रहते हैं और लाइव परफॉर्मेंस में कुछ नया लाते हैं लेकिन असली वजह ये है कि वे थक गए हैं। वे अलग-अलग तरह के म्यूजिक एक्सप्लोर करना चाहते हैं। साथ ही, वे नए सिंगर्स को मौका देना चाहते हैं जो उन्हें इंस्पायर करें। उन्होंने लिखा, ‘मैं ऐसे नए सिंगर्स सुनना चाहता हूं जो मुझे सच में इंस्पायर कर सकें।’
अब क्या कर रहे हैं अरिजीत?
हिन्दुस्तान टाइम्स में छपी एक रिपोर्ट् के मुताबिक, अरिजीत अब फिल्म डायरेक्ट करने की तैयारी में हैं। हिंदुस्तान टाइम्स और अन्य मीडिया में एक सूत्र ने बताया कि अरिजीत लंबे समय से डायरेक्टर बनने के बारे में पैशनेट थे। ऑफर्स की वजह से पहले नहीं कर पाए, लेकिन अब वे अपनी पहली फिल्म पर फोकस कर रहे हैं। ये एक तरह का एक साल या उससे ज्यादा का ब्रेक है।
कुछ रिपोर्ट्स में दावा है कि उनकी डेब्यू फिल्म एक जंगल एडवेंचर होगी, जिसमें नवाजुद्दीन सिद्दीकी की बेटी शोरा हीरोइन होंगी। अरिजीत के बेटे भी इसमें लीड रोल में नजर आ सकते हैं। फिल्म में नवाजुद्दीन का स्पेशल अपीयरेंस और डिबयेंदु भट्टाचार्य भी होंगे। ये प्रोजेक्ट महावीर जैन प्रोड्यूस कर रहे हैं। अरिजीत पहले भी 2018 में बंगाली फिल्म ‘सा’ डायरेक्ट कर चुके हैं।
अरिजीत का सबसे नया प्लेबैक सॉन्ग ‘मातृभूमि’ है, जो सलमान खान की आने वाली फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ से है। ये गाना गणतंत्र दिवस 2026 पर रिलीज हुआ था। हिमेश रेशमिया ने कंपोज किया, जबकि श्रेया घोषाल और मास्टर मणि धरमकोट के साथ अरिजीत ने गाया। ये पैट्रियॉटिक ट्रैक है, जो देश और शहीदों को समर्पित है। फैंस इसे उनके प्लेबैक करियर का शानदार अंत मान रहे हैं।
अरिजीत सिंह का ये फैसला बॉलीवुड म्यूजिक में बड़ा बदलाव ला सकता है। वे ‘तुम ही हो’, ‘केसरिया’, ‘अगर तुम साथ हो’ जैसे गानों से करोड़ों दिलों में बस चुके हैं। अब देखना ये है कि उनका डायरेक्टोरियल सफर कैसा रहता है। फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही कोई अपडेट आएगा।









