रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में डॉग रेस्क्यू संस्था की आड़ में गुंडागर्दी करने का आरोप सामने आया है। मामले में पुलिस ने आरोपी महिला और उसके साथियों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह पूरा मामला भांटागांव चौक का है। पुरानी बस्ती थाना में इसकी एफआईआर दर्ज की गई है।
शिकायत के अनुसार, चार माह की गर्भवती महिला गुरप्रीत कौर गिल के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। पीड़िता का आरोप है कि खुद को डॉग रेस्क्यू संस्था से जुड़ा बताने वाली किरण घनश्याम आहूजा अपने साथियों के साथ वहां पहुंची और विवाद के दौरान उससे मारपीट की।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी पक्ष ने उसका मोबाइल फोन और कुत्ता भी छीन लिया तथा संस्था का हवाला देते हुए उसे धमकाया।
घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी हासिल किए, जिसमें घटना के कुछ दृश्य सामने आए।
जांच में शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद पुलिस ने किरण घनश्याम आहूजा और अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
बताया जा रहा है कि किरण आहूजा वही महिला हैं, जो पहले पशु अधिकारों से जुड़े अभियानों में सक्रिय रही हैं। उनके नेतृत्व में पशु अधिकार संगठन People for the Ethical Treatment of Animals (PETA) से जुड़ी महिलाएं और युवतियां रायपुर के तेलीबांधा तालाब के सामने मुर्गियों के समर्थन में जागरूकता अभियान भी चला चुकी हैं।
फिलहाल घटना के बाद मुख्य आरोपी किरण घनश्याम आहूजा फरार बताई जा रही है। पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है और माना जा रहा है कि जल्द ही आरोपी और उसके साथियों की गिरफ्तारी हो सकती है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।










