मॉस्को हवाई अड्डे के करीब ड्रोन हमला, 45 मिनट तक हवा में चक्कर लगाता रहा कनिमोझी का विमान

Drone attack near Moscow airport

द लेंस डेस्‍क। डीएमके सांसद कनिमोझी के नेतृत्व में मॉस्को जा रहे भारतीय सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल को ले जा रहे विमान को ड्रोन हमले के कारण कुछ समय तक हवा में चक्कर लगाना पड़ा, लेकिन बाद में विमान सुरक्षित रूप से उतर गया। यह प्रतिनिधिमंडल ऑपरेशन सिंदूर के बाद अंतरराष्ट्रीय समुदाय को पाकिस्तान प्रायोजित सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ जागरूक करने के लिए पांच देशों की यात्रा पर है।

मीडिया खबरों के अनुसार, रूस की राजधानी मास्‍को में हवाई अड्डे के पास एक घातक ड्रोन हमला हुआ। संदेह है कि यह हमला यूक्रेन द्वारा किया गया था, जिसके कारण मॉस्को हवाई अड्डे पर उड़ानें लंबे समय तक प्रभावित रहीं। मॉस्को के मेयर और नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने कई उड़ानों में व्यवधान की पुष्टि की है।

मॉस्को के डोमोडेडोवो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास ड्रोन हमले के कारण हवाई यातायात को अस्थायी रूप से रोक दिया गया था, जिसके चलते विमान को 45 मिनट तक हवा में चक्कर लगाना पड़ा, बाद में सुरक्षित उतार लिया गया। इसमें 45 मिनट की देरी हुई। कनिमोझी और सभी यात्री सुरक्षित हैं।

कनिमोझी के नेतृत्व वाला यह समूह रूस, स्पेन, ग्रीस, स्लोवेनिया और लातविया की यात्रा करेगा। प्रतिनिधिमंडल में समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय, बीजेपी सांसद कैप्टन बृजेश चौटा, आरजेडी सांसद प्रेम चंद गुप्ता, आप सांसद डॉ. अशोक कुमार मित्तल और पूर्व राजदूत मंजीव सिंह पुरी शामिल हैं।

यह सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल गुरुवार रात मॉस्को पहुंचा, जहां उनकी अगवानी भारतीय राजदूत विनय कुमार और अन्य अधिकारियों ने की। यह यात्रा भारत के ऑपरेशन सिंदूर के तहत एक वैश्विक पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय समुदाय को पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख से अवगत कराना है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now