नेशनल ब्यूरो। नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की मौत वाले विमान हादसे की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग की। उन्होंने इस घटना में तोड़फोड़ की आशंका जताई और देश में राजनीतिक नेताओं की सुरक्षा पर सवाल उठाए।
मीडिया से बातचीत में ममता बनर्जी ने कहा कि अजीत पवार की मौत की खबर से वे स्तब्ध हैं और इसे देश के लिए गंभीर क्षति बताया। उन्होंने कहा, “आज जो हुआ है, वह गंभीर सवाल खड़े करता है।” उन्होंने दावा किया कि राजनीतिक नेताओं के लिए भी कोई सुरक्षा और संरक्षा नहीं बची है।
ममता ने सोशल मीडिया पर वायरल कुछ बयानों का जिक्र किया, जिसमें कहा जा रहा था कि अजीत पवार बीजेपी छोड़ने पर विचार कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियां अपनी स्वतंत्रता खो चुकी हैं।
उन्होंने कहा, “हमारा विश्वास केवल सुप्रीम कोर्ट पर है, किसी अन्य एजेंसी पर नहीं।” ममता ने मांग की कि इस हादसे की जांच केवल सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में होनी चाहिए, ताकि यह विश्वसनीय हो। असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने घटना की उचित और पारदर्शी जांच की मांग करते हुए कहा कि वह “अजित पवार जी के अचानक निधन से बेहद दुखी हैं” और उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सेवा में उनके वर्षों ने महाराष्ट्र के राजनीतिक जीवन पर एक अमिट छाप छोड़ी है।
अजीत पवार मुंबई से बारामती जा रहे थे, जहां वे जिला परिषद चुनावों से पहले चार जनसभाओं को संबोधित करने वाले थे। सुबह 8:50 बजे उनका विमान क्रैश हो गया।
यह 16 साल पुराना बॉम्बार्डियर लीयरजेट 45 (रजिस्ट्रेशन VT-SSK) था, जिसे VSR Ventures Pvt. Ltd. संचालित कर रही थी। विमान पूरी तरह नष्ट हो गया, मलबा बिखर गया और धुआं उठ रहा था।
प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार, लैंडिंग के दौरान विमान को दिक्कत आई। फ्लाइटराडार डेटा से पता चलता है कि 8:30 बजे पहली लैंडिंग असफल रही (संभवतः कम दृश्यता के कारण), फिर 8:42 बजे दूसरी कोशिश की गई, लेकिन 8:45 बजे रडार से गायब हो गया और रनवे 11 के पास क्रैश हो गया।
बारामती में दृश्यता कम थी और एयरपोर्ट में रात के लैंडिंग की सुविधा नहीं है। हादसे में कोई भी जीवित नहीं बचा। अजीत पावर की पहचान उनके घड़ी से हुई, क्योंकि शव इतने क्षत-विक्षत थे कि पहचान मुश्किल थी।
VSR एविएशन के मालिक वीके सिंह ने इंडिया टुडे टीवी को बताया कि विमान “100 फीसदी सुरक्षित” था और चालक दल अनुभवी था। क्रैश में पायलट सुमित कपूर और संभवी पाठक सहित सभी की मौत हो गई।









