रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरैना स्थित विधायक कॉलोनी में भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर विपुल यादव (39 वर्ष) ने बुधवार सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या (Suicide) कर ली। उनका शव घर के बेडरूम में पंखे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना बंगला नंबर-79 की है। विपुल यादव मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले थे और रायपुर में तैनात थे। वे छत्तीसगढ़ में एंटी-नक्सल ऑपरेशन से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व भी संभाल रहे थे। सुबह घर की मेड ने सबसे पहले बेडरूम में उनका शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं बरामद हुआ है।
जानकारी के अनुसार, उस समय घर में उनके दोनों छोटे बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे, जबकि पत्नी काम के सिलसिले में दिल्ली गई हुई थीं। दोनों की शादी 2014 में लव मैरिज हुई थी। पत्नी पहले एयरफोर्स में सेवा दे चुकी हैं और वर्तमान में आईटी सेक्टर में कार्यरत हैं।
शुरुआती जांच में पुलिस ने पारिवारिक विवाद को आत्महत्या का संभावित कारण बताया है।
तेलीबांधा पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और पत्नी तथा अन्य परिजनों से पूछताछ की जा रही है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। वायुसेना और स्थानीय प्रशासन ने भी मामले पर नजर रखी हुई है।
यह भी पढ़ें : भाजपा विधायक को मिली धमकी पर सदन में हंगामा, विपक्ष ने किया बहिष्कार










