राजधानी में सरकारी वाहन की टक्कर से 14 वर्षीय छात्र की मौत, छोटी बहन गंभीर घायल

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर (Accident in Raipur) में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय छात्र की जान चली गई, जबकि उसकी 8 साल की बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों भाई-बहन ई-स्कूटर से स्कूल जा रहे थे, तभी सीएम हाउस के पास छत्तीसगढ़ क्लब के सामने पीछे से आ रही ट्रैफिक पुलिस की टो-गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी।

हादसा सुबह करीब 7:50 बजे सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुआ। टक्कर के बाद ई-स्कूटर अनियंत्रित होकर गिर गई। इस दौरान छात्र अंश अठवानी सड़क पर गिर पड़ा और उसका सिर पुलिस वाहन के पहिए के नीचे आ गया। बताया जा रहा है कि वाहन उसे करीब 30 मीटर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में अंश की छोटी बहन नमिसा (8) गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके पैर, कमर और हाथ में चोटें आई हैं। उसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। परिजनों ने फिलहाल बच्ची को उसके भाई की मौत की जानकारी नहीं दी है।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित लोगों ने पुलिस वाहन के ड्राइवर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। लोगों ने टो-गाड़ी की चाबी निकाल ली, जिसके बाद पुलिस को वाहन को दूसरे साधन से थाने ले जाना पड़ा।

परिजनों के अनुसार, अंश और नमिसा रोजाना ऑटो से स्कूल जाया करते थे, लेकिन उस दिन ऑटो चालक के घर शोक होने के कारण दोनों ई-स्कूटर से निकले थे। अंश अपने स्कूल में चल रही प्रैक्टिकल परीक्षा देने जा रहा था। जिस ई-स्कूटर से हादसा हुआ, वह परिवार ने एक महीने पहले ही खरीदी थी।

हादसे के समय अंश के पिता सुमित अठवानी दिल्ली में थे। पहले उन्हें सिर्फ एक्सीडेंट की सूचना दी गई। बाद में रायपुर लौटने पर उन्हें बेटे की मौत की जानकारी मिली। वे सीधे एयरपोर्ट से अस्पताल पहुंचे, जहां बेटी का इलाज चल रहा है।

पुलिस ने वाहन चला रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मी प्रमोद कौशिक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार किया गया, लेकिन मामला जमानती होने के कारण उसे मुचलके पर रिहा कर दिया गया। हादसे में शामिल वाहन को पुलिस ने जब्त कर लिया है। मृतक छात्र अंश अठवानी का अंतिम संस्कार शुक्रवार शाम तेलीबांधा स्थित मुक्तिधाम में किया गया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories