मिस यूनिवर्स 2026 का ताज प्यूर्टो रिको के सिर, भारत की काजिया टॉप 30 में ही रुकीं

लेंस डेस्क । सैन जुआन के जोस मिगुएल अग्रेलोत कोलिज़ियम में मिस यूनिवर्स की 75वीं वर्षगांठ पर प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने खिताब अपने नाम कर लिया। मेक्सिको की पूर्व विजेता फातिमा बॉश ने उन्हें नया डायमंड क्राउन पहनाया।

फाइनल रिजल्ट

  • विजेता: जेनिफर बैरेटो (प्यूर्टो रिको)
  • फर्स्ट रनर-अप : मेलिसा नुनेज (डोमिनिकन रिपब्लिक)
  • सेकेंड रनर-अप: क्लारा वेगास गोएट्ज (वेनेजुएला)
  • थर्ड रनर-अप : बी मिलान-विंडोर्स्की (फिलीपींस)

कुल 116 देशों की प्रतियोगियों ने मुकाबला किया। भारत की तरफ से उतरने वाली 19 वर्षीय काजिया लिज मेजो टॉप 30 तक पहुंचीं, लेकिन टॉप 12 में जगह नहीं बना सकीं।

भारत की प्रतिनिधि का सफर

काजिया लिज मेजो केरल के मावेलिक्कारा की हैं। बचपन अबू धाबी में बीता और अभी बेंगलुरु के मणिपाल लॉ स्कूल में कानून की पढ़ाई कर रही हैं।

उन्होंने पहले मिस टीन दिवा 2024 जीता, मिस टीन इंटरनेशनल 2025 में फर्स्ट रनर-अप रहीं और इस साल मिस यूनिवर्स इंडिया का खिताब अपने नाम किया। केरल से यह खिताब जीतने वाली वे पहली लड़की हैं। क्लासिकल डांस के साथ वायलिन और ड्रम्स भी बजाती हैं।

इस बार की खास बात

विजेता को 3,150 हीरों वाला विशेष क्राउन मिला, जो 18 कैरेट व्हाइट गोल्ड में जड़ा गया है। प्रतियोगिता विवादों से भी घिरी रही। फ्रेंचाइजी विवाद के कारण कई दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों की प्रतियोगियों को मौका नहीं मिला और कुछ अफ्रीकी देशों की प्रतिभागियों को वीजा संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

जेनिफर बैरेटो सामाजिक कार्यकर्ता हैं। वे अमेरिकी सेना विभाग के साथ घरेलू हिंसा और बाल शोषण के मामलों पर काम कर चुकी हैं। प्यूर्टो रिको के लिए यह छठा मिस यूनिवर्स खिताब है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now