हाथियों को ‘आतंकी’ और ‘हत्यारा’ न लिखने की छत्तीसगढ़ वन विभाग की सलाह को अंतरराष्ट्रीय शोधपत्र में मिली जगह

रायपुर। हाथियों के लिए आतंकी, हत्यारा, उत्पाती और पागल जैसे शब्दों का इस्तेमाल न करने की छत्तीसगढ़ वन विभाग की सलाह को अंतरराष्ट्रीय शोधपत्र में जगह मिली है। वर्ष 2025 में वन विभाग ने समाचार संस्थानों के लिए इस संबंध में एडवाइजरी जारी की थी। इससे जुड़ी खबर का उल्लेख IIT पालक्काड के शोधकर्ताओं ने अपने अध्ययन में किया है। इस शोधपत्र को दिसंबर में गुजरात के गांधीनगर में होने वाले अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के लिए स्वीकार किया गया है।

17.2 फीसदी खबरों में जनहानि नहीं, फिर भी नकारात्मक शब्दों का इस्तेमाल

Auditing Human–Elephant Conflict Coverage in an Indian English-Language Newspaper शीर्षक वाले अध्ययन में एक अंग्रेजी अखबार की मानव-हाथी संघर्ष से जुड़ी खबरों का विश्लेषण किया गया है। शोधकर्ताओं ने पाया कि 17.2 फीसदी खबरों में किसी व्यक्ति की मौत या जनहानि का उल्लेख नहीं था, इसके बावजूद हाथियों के लिए नकारात्मक शब्द इस्तेमाल किए गए। अध्ययन के मुताबिक, ऐसी भाषा लोगों में हाथियों के प्रति डर और नाराजगी बढ़ा सकती है।

गांधीनगर में 13 से 16 दिसंबर तक सम्मेलन

यह शोधपत्र CODS 2026 यानी ACM India Joint International Conference on Data Science and Management of Data में प्रस्तुत करने के लिए स्वीकार किया गया है। सम्मेलन धीरूभाई अंबानी विश्वविद्यालय, गांधीनगर में होगा। इसके लेखक बोनाला साई पुनीत, सालवेरु जयति, गरिमा शाक्य और शुभम कुमार निगम हैं। पहले तीन शोधकर्ता IIT पालक्काड और चौथे बर्मिंघम विश्वविद्यालय, दुबई से जुड़े हैं।

2021 में केंद्र ने राज्यों को जारी की थी एडवाइजरी

वर्ष 2021 में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने सभी राज्यों के वन विभागों से कहा था कि वे समाचार संस्थानों को हाथियों के लिए कठोर और नकारात्मक भाषा का इस्तेमाल न करने की सलाह दें। इसके बाद छत्तीसगढ़ वन विभाग ने भी 2024-25 में इस संबंध में एडवाइजरी जारी की। इसमें हाथियों के प्राकृतिक व्यवहार, मदावस्था और सामाजिक जीवन को समझते हुए खबरें प्रकाशित करने पर जोर दिया गया। विशेषज्ञों के मुताबिक, सनसनीखेज शब्दावली मानव-हाथी सह-अस्तित्व के प्रयासों को कमजोर कर सकती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories