डेढ़ लाख रिश्वत लेते GST अधिकारी अंचला गिरी सस्पेंड, नोट नाली में फेंके

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर में राज्य जीएसटी विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी (Anchala Giri)को डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया गया है। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने उन्हें एक स्क्रैप कारोबारी से गाड़ी छोड़ने के बदले पैसे लेते गिरफ्तार किया। छापे के दौरान अधिकारी और उनके साथी ने पकड़े जाने के डर से नोटों के बंडल नाली में फेंक दिए थे।

शनिवार को जगदलपुर एसीबी टीम ने अंचला गिरी और मध्यस्थ इमरान को गिरफ्तार किया। दोनों से पूछताछ जारी है। राज्य कर विभाग ने अधिकारी को निलंबित कर दिया है और उनका मुख्यालय जगदलपुर निर्धारित किया गया है।

कैसे हुआ मामला

शिकायतकर्ता कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज के अनुसार, 18 नवंबर को उनकी स्क्रैप से लदी गाड़ी बिल होने के बावजूद रोकी गई। अंचला गिरी ने गाड़ी रुकवाई और 10 लाख रुपये की पेनल्टी मांगी, जबकि माल की कीमत सिर्फ तीन लाख रुपये थी।

कारोबारी का आरोप है कि अधिकारी ने गाड़ी जब्त करने और कार्रवाई की धमकी दी। बाद में मामला दो लाख रुपये में सेटल करने की बात चली, जो घटकर डेढ़ लाख रुपये पर तय हुई। इसमें 50 हजार रुपये पेनल्टी के रूप में काटने और बाकी रकम घर पहुंचकर देने की सहमति बनी।

मध्यस्थ भी गिरफ्तार

एसीबी की जांच में सामने आया कि रिश्वत की रकम इमरान मेमन के जरिए ली गई। इमरान मेमन (30) कांकेर के संजयनगर का रहने वाला है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई हो रही है।

एसीबी अधिकारी रमेश कुमार मरकाम ने बताया कि रिश्वत की राशि मध्यस्थ इमरान मेमन लेकर आया था और उसने वह रकम अधिकारी अंचला गिरी को सौंपी थी। इमरान की भूमिका की भी जांच चल रही है।

निलंबन का आदेश

रिश्वत कांड के बाद अंचला गिरी को सस्पेंड कर दिया गया है। राज्य कर विभाग के आदेश के मुताबिक, निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय राज्य कर संयुक्त आयुक्त कार्यालय, जगदलपुर संभाग में रहेगा। इस दौरान उन्हें नियमों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। मामले की आगे की जांच एसीबी कर रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories