मणिपुर में जहरीली शराब से 15 की मौत, 600 से अधिक अस्पताल में भर्ती, पूरे देश में इस साल 120 से ज्यादा जानें गईं

लेंस डेस्क । मणिपुर के चंदेल जिले में जहरीली शराब पीने से 15 लोगों की मौत हो गई है। न्यूज एजेंसी आईएनएस के अनुसार, 600 से ज्यादा लोग विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।

अधिकांश पीड़ित चकपी करोंग और आसपास के इलाकों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक पिछले दो-तीन दिनों से लोगों की तबीयत शराब पीने के बाद बिगड़ने लगी थी। शराब कहां से आई, इसकी पक्की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

मुख्यमंत्री युम्नाम खेमचंद सिंह अस्पताल पहुंचकर पीड़ितों से मिले। शिजा अस्पताल के एमडी डॉ. चेतन हुंडोंगबाम ने बताया कि अस्पताल के सभी बेड भर चुके हैं।

मेथनॉल मिलाने का शक, 10 गिरफ्तार

पुलिस जांच में सामने आया है कि पीड़ितों ने जो शराब पी थी, उसे काकचिंग जिले के सुगनू से खरीदा गया था। शराब में मेथनॉल मिलाए जाने की आशंका जताई जा रही है। इस मामले में अब तक करीब 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस का कहना है कि चंदेल जिले में स्थानीय स्तर पर शराब बनाने की कोई जानकारी नहीं मिली है। ऐसे में यह आशंका है कि दूसरे इलाकों से लाकर यहां बेची गई होगी। सप्लाई चेन की जांच जारी है।

गौरतलब है कि साल 2026 में अब तक मध्य प्रदेश, गुजरात समेत छह राज्यों में जहरीली शराब से 120 से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now